973549183

हमने आपको पहले ये बताया था कि निर्देशक इम्तियाज़ अली और शाहरुख खान फ़िल्ममेकर आनंद एल राय के साथ काम करेंगे । शाहरुख, इम्तियाज और आनंद, तीनों की तिकड़ी के आगामी प्रोजेक्ट ने हलचल पैदा कर दी थी , बिना नाम की फ़िल्म के बारें में कहा जाने लगा कि शाहरुख इस फ़िल्म में एक बौने का किरदार अदा करने वाले हैं ।

अब हम ये दावे के साथ कह सकते हैं कि आनंद एल राय के साथ शाहरुख खान की आगामी फ़िल्म 21 दिसंबर 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । इस फ़िल्म का क्या नाम होगा ये जल्द ही सामने आ जाएगा । खबर है कि शाहरुख खान इस फ़िल्म की शूटिंग अगले साल से शुरू करेंगे । सुनने में आया है कि शाहरुख खान का होम प्रोडक्शन रेड चिलीज एंटरटेंमेंट द्दारा ये फ़िल्म प्रोड्यूस की जाएगी ।

जैसे ही इस फ़िल्म की रिलीज डेट सामने आई शाहरुख खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, ये फ़िल्म हम सभी के लिए बहुत खास होगी । इस फ़िल्म का नाम भी बहुत मीठा होगा । इसके लिए इंतजार करें । इस पर आनंद एल राय ने जवाब दिया, अजी ऐसा वैसा मीठा ...बहुत बहुत मीठा टाइटल ।

शाहरुख और आनंद एल राय, दोनों एकदूसरे के साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं । इस बीच शाहरुख इन दिनों प्राग में इम्तियाज़ अली की आगामी फ़िल्म के लिए शूटिंग कर रहे हैं । इस फ़िल्म में शाहरुख के अपोजिट अनुष्का शर्मा नजर आएंगी ।