Shah-Rukh-Khan

शाहरुख खान और उनसे जुड़ा वानखेड़े विवाद, आखिरकार एक निष्कर्ष पर पहुंच ही गया । आखिरकार कुछ साल बाद, मुंबई पुलिस ने वानखेड़े स्टेडियम विवाद में शाहरुख खान को क्लीनचिट दे ही दी ।

मुंबई पुलिस ने मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में बताया कि अभिनेता शाहरूख खान के खिलाफ वर्ष 2012 में एक आईपीएल मैच के बाद वानखेड़े स्टेडियम में हुए विवाद के मामले में कोई गंभीर अपराध नहीं बनता है । शाहरुख खान को इस मामले में क्लीन चिट मिल गई है और कहा गया है कि वह न तो शराब पिए हुए थे न ही उन्होंने बच्चों के सामने किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है ।

आपकी जानकारी ले लिए बता दें कि शाहरुख खान के खिलाफ़ मुंबई में मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष एक स्थानीय कार्यकर्ता अमित मारू ने शिकायत दर्ज कराई थी । जिसमें कहा गया था कि शाहरुख ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान एक सुरक्षाकर्मी विकास दलवी के साथ लड़ाई की । जबकि शाहरुख ने पुलिस को बताया था कि उस दिन उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने मैच जीता था और उनके बच्चे तथा उनके मित्र मैदान में चले गए । सुरक्षा गार्ड विकास दलवी ने उन्हें वहां से जाने को कहा । एसआरके के अनुसार, उन्होंने दलवी को बताया कि बच्चे उनके साथ हैं और कोई उन्हें हाथ न लगाए । उनके बिजनेस मैनेजर बच्चों को स्टेडियम के बाहर ले गए । अभिनेता ने पुलिस को बताया था कि किसी ने उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था, जिससे वह आपा खो बैठे थे ।

आईपीएल 2012 में वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच के दौरान सुरक्षा कर्मियों से अभद्रता करने के चलते मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान को पांच साल तक वानखेड़े स्टेडियम में घुसने से प्रतिबंधित कर दिया था । जिसे साल 2015 में हटा लिया गया था ।