तनुश्री दत्ता, जिन्होंने कुछ समय से बॉलीवुड से एक खासी दूरी बना ली थी, एक बार अपने चौंकाने वाले खुलासे के कारण सुर्खियों में आ गई है । #MeToo कैंपेन से प्रेरित होकर तनुश्री दत्ता ने अपने साथ हुए यौन उत्पीडन के बारें में खुलकर बोला है । ब्यूटी क्वीन रह चुकी "आशिक बनाया आपने गर्ल' तनुश्री दत्ता ने कई फ़िल्मों में आइटम गर्ल बनकर भी सुर्खियां बटोरी थी । लेकिन साल 2008 में फ़िल्म हॉर्न ओके प्लीज के दौरान उनके साथ कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने फ़िल्म इंडस्ट्री छोड़ने का फ़ैसला किया ।

तनुश्री दत्ता के यौन उत्पीडन के आरोपों के खिलाफ़ नाना पाटेकर के बचाव में सामने आए ये फ़िल्ममेकर

तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर के साथ-साथ गणेश आचार्य भी आरोप लगाया

तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनके साथ बदतमीजी करने की कोशिश की थी और नाना पाटेकर उनके साथ इंटीमेट होना चाहते थे लेकिन उन्होंने खुद को जैसे-तैसे बचा लिया । तनुश्री ने नाना पाटेकर पर उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश करने का आरोप लगाया साथ ही इस घटना को बेशर्मी से चुपचाप देखते रहने पर फ़िल्म के कोरियॉग्रफर गणेश आचार्य और डायरेक्टर सारंग पर भी आरोप लगाया है ।

तनुश्री ने हॉर्न ओके प्लीज को अपने साथ हुए इस हादसे के बाद अचानक ही बीच में छोड़ दिया था लेकिन अब फ़िल्ममेकर ने उनके इस अनप्रोफ़ेशनल रवैये को गैरजिम्मेदाराना बताया है । साथ ही हॉर्न ओके प्लीज के निर्देशक राकेश सारंग ने नाना पाटेकर को इस मामले में सपोर्ट किया है ।

सारंग ने उल्टा तनुश्री को गलत ठहराया

सारंग ने मीडिया से बात करते हुए यह कहा कि तनुश्री शायद वापस इंडस्ट्री में काम करना चाहती हैं और शायद इसीलिए ऐसे विवाद खड़े कर रही हैं । उन्होंने कहा, 'तनुश्री का कहना है कि 'नथनी उतारो' सॉन्ग में उन्हें अकेले डान्स करना था । अगर ऐसी बात है तो उन्होंने वह गाना भी सुना होगा । उन्हें यह कैसे याद नहीं कि गाने में एक मेल वॉइस भी है ? यह एक युगल गाना है और इसमें लड़की के साथ-साथ लड़के की आवाज भी है ।'

नाना पाटेकर का सपॉर्ट करते हुए सारंग ने यह भी कहा, 'तनुश्री ने नाना पाटेकर के प्रोत्साहन को गलत समझ लिया । वह कई सालों बाद किसी गाने के लिए शूट कर रहे थे और वह इसके लिए काफी उत्साहित थे । तनुश्री ने सारी बातें गलत समझ लीं । देखिए, अगर आपका बॉस आपके साथ फ्लर्ट करता है तो वह ऐसा काम पब्लिक एरिया में तो नहीं करेगा, वह आपको अपने केबिन में बुलाएगा । उस समय सेट पर 400 लोग रहे होंगे अब इतने लोगों के सामने ऐसा हो सकता है क्या ?'

यह भी पढ़ें : तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर लगाया यौन उत्पीडन का आरोप, कहा-'मेरे साथ इंटीमेट होना चाहते थे नाना पाटेकर'

तनुश्री ने यह आरोप लगाया था कि नाना पाटेकर को एक पॉलिटिकल पार्टी भी सपॉर्ट कर रही थी। जब उन्होंने शूटिंग करने से इनकार किया तो उन लोगों ने तनुश्री की कार भी तोड़ने की कोशिश की थी। उस समय तनुश्री ने इस बारे में पाटेकर के खिलाफ शिकायत भी की थी। उस समय सिने ऐंड टेलिविजन आर्टिस्ट असोसिएशन (सिंटा) ने यह मामला सुलझा भी दिया था । सारंग का कहना है कि अगर अभी तनुश्री इस मुद्दे को फिर से उछालने की कोशिश करती हैं तो नाना को लीगल ऐक्शन लेना चाहिए ।