बीते साल सुपर 30 और वॉर से एक बार फ़िर ॠतिक रोशन ने अपने फ़ैंस का दिल जीत लिया । ॠतिक और टाइगर श्रॉफ़ की वॉर साल 2019 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फ़िल्म साबित हुई । इसके बाद से ही अभिनेता के फ़ैंस उनकी अगली फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं । कहा जा रहा था कि ॠतिक रोशन फ़िल्ममेकर फ़राह खान और रोहित शेट्टी की सत्ते पे सत्ता रीमेक में लीड रोल निभाते हुए नजर आएंगे लेकिन स्क्रिप्ट पसंद न आने के कारण ॠतिक ने इस फ़िल्म से बाहर होने का फ़ैसला किया । और अब ॠतिक रोशन की अगली फ़िल्म को लेकर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं लेकिन अभी तक इस बारें में कोई ऑफ़िशियल जानकारी सामने नहीं आई है ।

ॠतिक रोशन महज एक्शन तक बंधना नहीं चाहते हैं
सूत्र से बताया कि, “अपनी अगली फ़िल्म को लेकर ॠतिक कई सारे निर्माता-निर्देशकों से बातचीत कर रहे हैं । वह अपनी अगली फ़िल्म के लिए किसी नई शैली की तलाश कर रहे हैं क्योंकि वह खुद को महज एक्शन शैली की फ़िल्मों तक सीमित नहीं करना चाहते । इन दिनों ॠतिक फ़िल्ममेकर ओम राउत, जिसने अजय देवगन की सुपरहिट फ़िल्म तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर को डायरेक्ट किया था, के साथ किसी फ़िल्म को लेकर बातचीत कर रहे हैं ।”
इसके अलावा ॠतिक और उनके फ़िल्ममेकर पिता राकेश रोशन अपनी सुपरहीरो फ़्रैंचाइजी कृष 4 के लिए लेखकों से लगातार वर्चुअली बातचीत कर रहे हैं । इस बारें में सूत्र ने बताया कि, “क्योंकि, कृष फ़्रैंचाइजी रोशन फ़ैमिली की सबसे पसंदीदा फ़िल्मों में से एक है इसलिए यह तभी शुरू होगी जब सभी रोशन इसके हर पहलू को लेकर आश्वस्त होंगे ।”
यह भी पढ़ें : Exclusive: ॠतिक रोशन की सुपरहीरो ड्रामा कृष 4 को राकेश रोशन ही डायरेक्ट करेंगे कोई और नहीं !
हाल ही में दिए अपने एक इंटरव्यू में ओम राउत ने कहा था कि, वह ॠतिक, जो सिनेमा के प्रति बहुत जुनुनी है, के बहुत अच्छे दोस्त हैं । उन्होंने कहा कि वह एक दूसरे के साथ आइडिया शेयर कर रहे हैं लेकिन अभी तक कुछ भी पुख्ता निकलकर सामने नहीं आया है ।
















