
सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा उर्फ़ गुरमीत सिंह, जो सलमान खान के लिए लगभग 18 सालों से काम कर रहे हैं, को पुलिस ने हिरासत में लिया है । शेरा पर आरोप है कि उसने अत्तर कुरैशी नाम के शख्स के साथ मारपीट की और उसे बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी ।
बुधवार की दोपहर, शेरा के खिलाफ आईपीसी की धारा 326,506 (2), के तहत खतरनाक हथियारों के साथ धमकाने और आपराधिक धमकी के तहत एफ़आई आर दर्ज की है । सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा पर अंधेरी के डीएन नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है ।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार यह वाकया 26 अक्टूबर की रात 2 बजे के करीब का है । पीड़ित अत्तर कुरैशी ने पुलिस को बताया कि रात में वो अपने दो दोस्तों के साथ ऑडी कार में जा रहे थे तभी इंडियन आयल नगर के पास लिंक रोड पर उन्हें शेरा खड़ा दिखा । कार में बैठे दोस्त ने कुरैशी को अपना मोबाइल देकर शेरा के पास भेजा और बात कराने को कहा । लेकिन शेरा अचानक से नाराज हो गया । पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शेरा ने न सिर्फ उसके साथ मारपीट की बल्कि गन से भी चोट पहुंचाई, जिसके वजह से उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई । पीड़ित कुरैशी अभी अस्पताल में है ।
इस मामले में लेटेस्ट अपडेट ये है कि शेरा को पूछताछ के लिए डीएन नगर पुलिस अपने साथ लेकर गई है ।
















