रियालिटी शो बिग बॉस का नाम सुनते ही सबसे पहले जहन में सलमान खान की छवि आती है । बरसों से सलमान खान बिग बॉस के होस्ट रहे हैं और शो में उनकी होस्टिंग स्टाइल ने बिग बॉस को काफ़ी पॉपुलर बना दिया है । इसलिए ये कहना ग़लत नहीं होगा कि शो की पॉपुलैरिटी का श्रेय काफी हद तक सलमान खान को भी जाता है । 2006 में बिग बॉस की शुरुआत के बाद से अब तक कुल छह होस्ट रहे हैं । सलमान 2010 में चौथे सीजन से बिग बॉस को होस्ट कर रहे हैं और वो सबसे लोकप्रिय होस्ट में से एक हैं । मेकर्स भी सलमान को होस्ट के रूप में जाने नहीं देना चाहते इसलिए वह इसकी मुंह माँगी फ़ीस भी देने के लिए तैयार रहते हैं । लेकिन हाल ही में ऐसी खबरें आईं कि सलमान खान ने शो के लिए अपनी भारी-भरकम फीस कम कर दी है । रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान ने अपनी फीस 250 करोड़ रुपये से घटाकर 150 करोड़ रुपये कर दी है ।

बिग बॉस 19 के लिए सलमान खान ने घटाई फीस
हालांकि, जब इस बारे में शो से जुड़े एक करीबी सूत्र से बात की गई तो तस्वीर कुछ अलग ही नज़र आई । सूत्र के अनुसार, “ये आंकड़े कहां से आते हैं ? दरअसल, बिग बॉस के मेकर्स एंडेमोल ने टीआरपी गिरने के चलते करीब 50 करोड़ रुपये की कटौती की रिक्वेस्ट की थी । सलमान ने यह मान लिया । लेकिन 100 करोड़ की कटौती की बात बिल्कुल गलत है । सच तो यह है कि सलमान खुद अब बिग बॉस होस्ट नहीं करना चाहते । पिछले कुछ सालों से वे प्रोड्यूसर्स से कह रहे हैं कि उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया जाए । लेकिन सच यह भी है कि बिना सलमान के बिग बॉस सोचना वैसा ही है जैसे कौन बनेगा करोड़पति बिना अमिताभ बच्चन के ।”
सबसे अहम बात यह है कि सूत्रों के मुताबिक सलमान खान ने साफ कर दिया है कि वे अगले सीज़न से बिग बॉस को होस्ट नहीं करेंगे । ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि उनकी जगह करण जौहर शो की होस्टिंग की कमान संभाल सकते हैं ।
















