महेश भट्ट की फिल्म पापा कहते हैं फेम एक्ट्रेस मयूरी कांगो का बॉलीवुड से बोर्डरूम तक का सफर बहुत इंस्पायरिंग है । मयूरी कांगो ने फिल्मों के शिखर पर रहते हुए इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया और कॉर्पोरेट करियर को चुन लिया । और अब मयूरी कांगो ने गूगल इंडिया में टॉप पोजिशन संभालने के बाद एक और बड़ी छलांग लगाई है । कॉर्पोरेट जगत में अपनी पहचान बनाने वाली मयूरी कांगो गूगल की नौकरी छोड़ एक बार फिर से पब्लिसिस ग्रुप के ग्लोबल डिलीवरी (PGD) की सीईओ बन गई हैं ।

मयूरी कांगो का बॉलीवुड से बोर्डरूम तक का सफर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मयूरी कांगो पब्लिसिस ग्लोबल डिलीवरी की वैश्विक कार्यकारी नेतृत्व टीम के सदस्य के रूप में पब्लिसिस ग्रुप में फिर से शामिल हो गई हैं । अपनी नई भूमिका के तहत वह डिजिटल शाखाओं में सेवाओं को आकार देने के लिए वैश्विक टीम के साथ काम करेंगी । मयूरी के लिंक्डइन अपडेट के अनुसार, वह पेरिस स्थित कंपनी के इंडिया डिलीवरी सेंटर की सीईओ के रूप में भी काम करेंगी ।
मयूरी ने अपने लिंक्डइन अपडेट में लिखा, “मैं हमारे इंडिया डिलीवरी सेंटर की सीईओ के रूप में दूसरी भूमिका निभाऊंगी, जहां मैं अपनी प्रतिभाशाली टीमों के साथ मिलकर सीमाओं को आगे बढ़ाने, इनोवेशन और दुनिया भर में पब्लिसिस के ग्राहकों के लिए सार्थक प्रभाव पैदा करने के लिए काम करने के लिए उत्सुक हूं ।” कंपनी में अपनी नवीनतम भूमिका से पहले मयूरी कांगो कंपनी के अंतर्गत एक परफॉर्मेंस मार्केटिंग एजेंसी, परफॉर्मिक्स में प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थीं ।
आईआईटी कानपुर से पढ़ाई करने के बाद मयूरी ने अपने दिल की सुनी और कॉर्पोरेट जगत की बजाय बॉलीवुड में कदम रखा । मयूरी को पापा कहते हैं (1996) से पहला बॉलीवुड ब्रेक मिला । फिर इसके बाद उन्होंने होगी प्यार की जीत (1999) में काम किया । बाद में मयूरी कांगो ने टेलीविज़न पर अपनी शुरुआत की और डॉलर बहू (2001), नरगिस, थोड़ा गम थोड़ी खुशी और करिश्मा: द मिरेकल्स ऑफ़ डेस्टिनी (2003) जैसे शोज़ में नज़र आईं, जहां उन्होंने करिश्मा कपूर की बेटी की भूमिका निभाई ।
एमबीए पूरा करने के बाद मयूरी कांगो ने 2007 में अमेरिकी डिजिटल एजेंसी 360i में एसोसिएट मीडिया मैनेजर के रूप में अपनी कॉर्पोरेट यात्रा शुरू की, जैसा कि उनकी लिंक्डइन प्रोफ़ाइल से पता चलता है । 2009 में वह न्यूयॉर्क स्थित विज्ञापन फर्म, रेज़ोल्यूशन मीडिया में शामिल हो गईं. 2010 से 2012 तक मयूरी ने बोस्टन स्थित एक एजेंसी डिजिटास में एसोसिएट डायरेक्टर (मीडिया) के रूप में काम किया । 2016 में उन्होंने पब्लिसिस ग्रुप के तहत एक परफॉर्मेंस मार्केटिंग एजेंसी, परफॉर्मिक्स में प्रबंध निदेशक का पद संभाला ।
















