‘एक बार जो मैंने कमिटमेंट कर दी, तो फ़िर मैं अपने आप की भी नहीं सुनता’ ये डायलॉग भले ही फ़िल्म का हो लेकिन यह सलमान खान पर पूरी तरह से फ़िट बैठता है । महामारी बनकर फ़ैले कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में हाहाकार मचा रखा है । कोरोना के फ़ैलते संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के कारण सभी जगह काम ठप्प पड़ा है । सलमान खान ने लॉकडाउन के कारण बेरोजगार हो चुके फ़िल्म इंडस्‍ट्री के सभी 25 हजार दिहाड़ी मजदूर, जो इस वक्त आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं, का खर्च उठाने का फैसला किया । और सलमान खान ने अपने वादे के अनुसार अपना कमिटमेंट पूरा भी कर दिया है ।

सलमान खान ने पूरा किया अपना कमिटमेंट, फ़िल्म फ़ेडरेशन के 16 हजार दिहाड़ी मजदूरों के अकाउंट में ट्रांसफ़र किए इतने करोड़ रु

सलमान खान ने किया था मदद का वादा

लॉकडाउन के चलते एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का काम पूरी तरह से बंद है । ऐसे में फिल्म फेडरेशन से जुड़े छोटे-मोटे वर्कर्स और मजदूरों के घरों में चूल्हा तक नहीं जल रहा और वे आर्थिक रूप से पीड़ित नज़र आ रहे हैं । लेकिन महामारी बने कोरोना वायरस की इस मुश्किल घड़ी में, एक बार फ़िर सलमान मसीहा बनकर सामने आए हैं ।

अकाउंट में ट्रांसफर किए करोड़ों रु

सलमान खान ने फ़ेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडियन सिने एम्प्लॉइज (FWICE) से जुड़े 25000 दिहाड़ी मजदूरों को आर्थिक रुप से मदद करने का फैसला किया था । और अब सलमान ने मंगलवार को फेडरेशन की ओर से भेजे गए 16000 मजदूरों के बैंक अकाउंट में कुल 4 करोड़ 80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए हैं । सलमान ने इसके बाद भी आगे मई महीने में 19000 मजदूरों के अकाउंट में 5 करोड़ 70 लाख रुपये ट्रांसफर करने का वादा किया है । इस तरह दो महीनों तक वह मजदूरों का खर्च उठाएंगे और कुल 10 करोड़ 50 लाख रुपये की मदद करेंगे ।

अमिताभ बच्चन ने भी एक महीने का राशन देने का वादा किया था

इस संबंध में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के महासचिव अशोक दुबे ने बताया कि सलमान ने 25000 दिहाड़ी मजदूरों के डिटेल्स मांगे थे और उन्हें 19000 मजदूरों के डिटेल्स प्राप्त किए थे । इस लिस्ट में 3000 मजदूरों को यशराज फिल्मस से सहायता मिल चुकी थी इसलिए उन्होंने बाकी बचे 16000 दिहाड़ी मजदूरों का विवरण सलमान को भेज दिया । और अब अकाउंट डिटेल मिलने के बाद सलमान ने उन्हें पैसे भेजने शुरू भी कर दिए हैं । सलमान ने 16000 मजदूरों के अकाउंट में प्रति मजदूर 3000 जमा करवा दिए हैं ।

यह भी पढ़ें : EXCLUSIVE: बॉलीवुड के ‘सुल्तान’ सलमान खान ने लिया फिल्म फेडरेशन से जुड़े वर्कर्स और दिहाड़ी मजदूरों की हर जरूरत पूरी करने का जिम्मा और वो भी अकेले

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने कहा कि, फ़िल्म उद्योग की ओर से अब तक फ़िल्म फ़ेडरेशन को 3 करोड़ रु की मदद मिल चुकी है । इसमें रोहित शेट्टी, अजय देवगन, बोनी कपूर और अर्जुन कपूर का योगदान है । इसी के साथ तिवारी ने कहा कि, उन्हें अभी तक नेटफ्लिक्स और अमिताभ बच्चन की ओर से वादे के मुताबिक कोई योगदान नहीं मिला है । बता दें कि, बिग बी ने एक लाख मजदूरों को एक महीने का राशन देने का वादा किया है ।