कोरोना वायरस महामारी बनकर पूरी दुनिया में आतंक मचा रहा है । कोरोना संकट की इस मुश्किल घड़ी में कोरोना प्रभावित जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए अलग-अलग तरह से प्रयास किए जा रहे हैं । कोरोना से निपटने के लिए जरूरतमंदों की मदद के लिए बनाए गए पीएम केयर्स फ़ंड और सीएम रिलीफ़ फंड में 55 लाख रु डोनेट करने के बाद अब वरुण धवन इस महामारी के रियल हीरो ‘डॉक्टर्स’ की मदद के लिए आगे आए हैं । वरुण धवन ने डॉक्टर्स और हॉस्पिटल्स के मेडिकल स्टॉफ के लिए खाने की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली है ।

वरुण धवन एक ट्रस्ट के जरिए मेडिकल स्टाफ़ के खाने की व्यवस्था करेंगे
महामारी में डॉक्टर्स लोगों के लिए हीरो बन कर आए और ये अपनी जान को जोखिम में डालकर लोगों की जान बचा रहे हैं । ऐसे में इन असली हीरोज़ की मदद का जिम्मा अब वरुण ने उठाया है । डॉक्टर्स और हॉस्पिटल्स के मेडिकल स्टॉफ के लिए खाने की व्यवस्था करने की ऐलान करते हुए वरुण ने कहा, “उन सभी लोगों की तारीफ करता हूं, जो अपनी ज़िंदगी दांव पर लगा कर काम कर रहे हैं । मैं वादा करता हूं कि डॉक्टर्स और हॉस्पिटल स्टॉफ के लिए खाने की व्यवस्था करूंगा । ये सारा खाना ताज पब्लिक सर्विस वेलफेयर ट्रस्ट के जरिए पहुंचाया जाएगा । यह एक छोटा कदम है, लेकिन इस मुश्किल के दौरान हमारा हर कदम महत्वपूर्ण है । इसलिए मैं वो सब नेक काम करता रहूंगा, जो कर सकता हूं ।”
बेघर और बेरोजगार लोगों की मदद के भी आए आगे
इतना ही नहीं वरुण उन लोगों की मदद के लिए भी आगे आए हैं जो बेघर हैं और जिनके पास नौकरियां नहीं है । इस बारें में बात करते हुए वरुण ने कहा, “जैसे घर पर लॉकडाउन बीतता जा रहा है । मेरे दिल उन सभी लोगों के लिए भर आता है, जिनसे पास इस समय में घर नहीं है । इसलिए इस हफ्ते मैंने शपथ ली है कि मैं उनके लिए खाने की व्यवस्था करूंगा, जिनके पास रहने को घर और नौकरियां नहीं हैं ।”
यह भी पढ़ें : वरुण धवन की कुली नंबर 1 में ऑरिजनल 'कुली नंबर 1' गोविंदा के कैमियो के लिए कोई जगह नहीं
वर्क फ़्रंट की बात करें तो वरुण जल्द ही अपने पापा डेविड धवन की फ़िल्म कुली नंबर 1 में सारा अली खान के साथ नजर आएंगे । यह फ़िल्म इसी साल 1 मई को रिलीज होने वाली है लेकिन मौजूदा हालातों को देखकर लगता है कि यह अपनी तय रिलीज डेट पर सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो पाएगी ।
















