साल 2018 बड़ी फ़िल्मों के लिए अच्छा साबित नहीं हुआ क्योंकि उम्मीद के मुताबिक उन फ़िल्मों ने बॉक्सऑफ़िस पर उम्दा प्रदर्शन नहीं किया । बॉलीवुड के बड़े खान आमिर खान, शाहरुख खान और सलमान खान की फ़िल्में ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान, जीरो, रेस 3 जैसी फ़िल्में बॉक्सऑफ़िस पर धराशायी हो गई लेकिन वहीं आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव की छोटे बजट की फ़िल्में जैसे स्त्री, अंधाधुन, बधाई हो इत्यादि ने बॉक्सऑफ़िस पर इतिहास रच दिया । तो क्या इसका मतलब बॉलीवुड में अब तीनों खान शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान का दौर खत्म हो गया है ? इस सवाल का जवाब नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने बहुत ही बेहतर तरीके से दिया । नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी के अनुसार एक फिल्म फ्लॉप होने से बड़े सितारों का वक्त खत्म नहीं होता है ।

नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि मेकर्स लाते है सिनेमा में बदलाव
नवाज इन दिनों आगामी फ़िल्में फ़ोटोग्राफ़ को प्रमोट कर रहे है । इसी दौरान नवाज ने कई सवालों के जवाब दिए । साथ ही नवाज ने सिनेमा के बदलते परिदृश्य के बारें में भी बात की । नवाज ने कहा कि, सिनेमा में बदलाव का दौर बहुत पहले ही आ चुका है । इसका क्रेडिट शेखर कपूर, अनुराग कश्यप और राम गोपाल वर्मा जैसे फिल्म निर्माताओं को जाता है। इन दिनों कुछ एक्टर्स कह रहे हैं कि उन्होंने सिनेमा में यह बदलाव लाया है, लेकिन यह सही नहीं है, जब कभी भी फिल्म इंडस्ट्री में परिवर्तन आया है तो उसकी वजह सिर्फ फिल्म मेकर्स ही होते हैं।
साल 2018 में तीनों बड़े खानों की फ़िल्म फ़्लॉप साबित हुई इस बारें में जब नवाज से पूछा गया कि क्या खान का दौर अब खत्म हो गया है इस पर नवाज ने कहा कि, एक फिल्म फ्लॉप होने से सितारों का जमाना नहीं जाता है । ऐसा नहीं है कि एक फिल्म फ्लॉप हो गई तो बड़े सितारों का वक्त खत्म हो गया । फिल्म के असफल होने पर कलाकार को दोष देना सही नहीं है ।
यह भी पढ़ें : MONEY MATTERS: नवाजुद्दीन सिद्दीकी को सेक्रेड गेम्स के लिए सैफ़ अली खान से ज्यादा फ़ीस मिल रही है
नवाज़ुद्दीन की आगामी फ़िल्म फ़ोटोग्राफ़ 15 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । इस फ़िल्म में नवाज के साथ सान्या मल्होत्रा नजर आएंगी ।
















