मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा को हर तरफ से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है और यही इसे इस साल की सबसे बड़ी सफलताओं में शामिल कर रहा है। सैयारा ने सिर्फ एक हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर ऐसा धमाका किया है, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। जहां कई बड़ी फिल्में अपने पूरे रन में ऐसे आंकड़े जुटाने के लिए जूझती रहती हैं, वहीं इस रोमांटिक म्यूजिकल ने शुरुआती दिनों में ही झंडे गाड़ दिए हैं । अपने एक हफ़्ते के अंदर सैयारा ब्लॉकबस्टर फ़िल्म बनकर उभरी है । फ़िल्म अब तक कुल 175.25 करोड़ रू का कलेक्शन कर चुकी है ।

ब्लॉकबस्टर फ़िल्म बनकर उभरी सैयारा
मोहित सूरी के निर्देशन में बनी रोमांटिक म्यूजिकल सैयारा की जबरदस्त कमाई का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। फिल्म ने हर दिन बेहतरीन कलेक्शंस दर्ज किए हैं, और गुरुवार को भी ₹19.50 करोड़ का आंकड़ा पार करना इस बात का प्रमाण है कि फिल्म की पकड़ दर्शकों पर लगातार बनी हुई है।
अगर इसकी तुलना पिछले शुक्रवार के ₹22 करोड़ के कलेक्शन से करें, तो यह साफ है कि वीकडेज में भी दर्शकों की संख्या में कोई गिरावट नहीं आई — जबकि टिकट की कीमतें सप्ताह के दिनों में कम होती हैं । आज, यानी शुक्रवार को भी फिल्म के शानदार प्रदर्शन की पूरी उम्मीद है। कोई दूसरी बड़ी रिलीज़ न होने के चलते, यह तय माना जा रहा है कि ₹20 करोड़ का आंकड़ा आज फिर से पार हो जाएगा।
फिल्म ने रिलीज़ के पहले ही हफ्ते में ₹175.25 करोड़ की कमाई कर ली है और कल दोपहर तक सैयारा 200 करोड़ क्लब में प्रवेश कर लेगी। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती।
सैयारा का अब तक का कलेक्शन :-
शुक्रवार – ₹ 22.00 करोड़
शनिवार – ₹ 26.25 करोड़
रविवार – ₹ 36.25 करोड़
सोमवार – ₹ 24.25 करोड़
मंगलवार – ₹ 25.00 करोड़
बुधवार – ₹ 22.00 करोड़
गुरुवार – ₹ 19.50 करोड़
कुल (सप्ताह 1) – ₹ 175.25 करोड़ ग्रैंड टोटल – ₹ 175.25 करोड़
फिल्म की मौजूदा गति को देखते हुए, ₹300 करोड़ क्लब में शामिल होना भी अब बस कुछ ही दिन की बात लगती है। अगर यही रफ्तार बनी रही, तो मौजूदा वीकेंड के खत्म होते-होते यह लक्ष्य भी हासिल हो जाएगा।
फिलहाल इतना तय है कि सैयारा इस साल की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट बन चुकी है — और ये सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है।
















