बॉबी देओल ने अपने करियर की दूसरी पारी को जिस अंदाज़ में संवार लिया है, वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है। एनिमल और द बैड्स ऑफ़ बॉलीवुड जैसी फिल्मों और सीरिज में उनकी दमदार परफॉर्मेंस के बाद अब वे बॉलीवुड के सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित अभिनेताओं में शामिल हो चुके हैं। बॉबी देओल की दूसरी पारी में लोग उन्हें निगेटिव रोल में ज्यादा पसंद कर रहे हैं । और एनिमल और अल्फा के बाद अब बॉबी देओल एक और फ़िल्म में निगेटिव किरदार में नजर आने वाले हैं ।

अहान पांडे और अली अब्बास जफर की फ़िल्म में बॉबी देओल का प्रभावशाली ग्रे किरदार

बॉबी देओल का निगेटिव किरदार

सूत्रों के मुताबिक, बॉबी देओल एक बार फिर ग्रे शेड्स वाले किरदार में दिखाई देंगे ।  इस बार अहान पांडे और शर्वरी  के साथ निर्देशक अली अब्बास जफर की आने वाली फिल्म में। मिड-डे की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म से जुड़े एक ट्रेड सोर्स ने बताया, “उन्हें विलेन कहना गलत होगा। उनका किरदार फिल्म में एक अधिकारपूर्ण पोजीशन रखता है, लेकिन कहानी के आगे बढ़ने के साथ उसमें कई ग्रे शेड्स नज़र आते हैं, जो हीरो के साथ उनके रिश्ते को दिलचस्प बनाते हैं।”

दिलचस्प बात यह है कि बॉबी देओल आदित्य चोपड़ा की फिल्म अल्फा में पहले से ही एक नेगेटिव रोल निभा रहे हैं, जिसमें आलिया भट्ट और शर्वरी मुख्य भूमिका में हैं। ऐसे में, अली अब्बास जफर ने इस नई फिल्म में उन्हें पूरी तरह ‘ब्लैक’ या खलनायक अवतार में नहीं दिखाने का फैसला किया है।

सूत्र ने आगे कहा,“अली और प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा की शुरुआत से ही यही सोच थी कि बॉबी का किरदार पूरी तरह खलनायक नहीं होना चाहिए। निर्देशक ने उनके लिए एक बड़ा, प्रभावशाली और इमोशनल डेप्थ वाला रोल तैयार किया है, जिसमें ग्रे शेड्स हैं लेकिन साथ ही इंसानियत की झलक भी है। बॉबी ने पिछले हफ्ते ही फिल्म साइन की है।”

रिपोर्ट के मुताबिक, अली अब्बास जफर जल्द ही फिल्म की रेकी के लिए इंग्लैंड रवाना होंगे। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो यह फ़िल्म 2026 की पहली तिमाही में फ्लोर पर आ जाएगी ।

फिलहाल बॉबी देओल के कास्टिंग को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चर्चा इतनी ज़ोरों पर है कि फैंस बेसब्री से इसकी घोषणा का इंतज़ार कर रहे हैं।