Kapil-Sharma

भले ही कपिल शर्मा हाल ही में बीएमसी को लेकर एक विवादास्पद बयान के चलते गहरे विवाद में फ़ंस गए थे लेकिन फ़िर भी उनका लोगों को मनोरंजित करना कम नहीं हुआ और यहां तक की लोगों ने भी उन पर अपना प्यार कम नहीं किया । लोकप्रिय कॉमेडी शो को एक चैनल से दूसरे चैनल (कलर्स चैनल से सोनी चैनल) पर लाने के बाद भी उनका शो आज भी उतना ही लोकप्रिय है जितना पहले था ।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, अपनी कॉमेडी से सब को हंसाने वाले कपिल शर्मा ने अपना बॉलीवुड डेब्यू अब्बास-मस्तान की फ़िल्म किस किस को प्यार करुं से किया था । कपिल की ये फ़िल्म बॉक्सऑफ़िस पर ठीक-ठाक रही और उसके बाद दर्शक उनकी नई फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार करने लगे । लेकिन इस बारें में कहीं से भी कोई खबर सामने नहीं आई । लेकिन बॉलीवुड हंगामा के पास कपिल शर्मा की नई फ़िल्म के बारें में एक पुख्ता जानकारी हाथ लगी है । हमारे विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, कपिल शर्मा की अगली फ़िल्म का नाम फ़िरंगी है जिसमें कपिल के अपोजिट इशिता दत्त नजर आएंगी । सूत्रों के मुताबिक, इस फ़िल्म की कहानी एक साधारण गांव के आदमी (कपिल शर्मा) का एनआरआई लड़की (इशिता दत्ता) के प्यार में पड़ने की कहानी के इर्द-गिर्द घूमेगी । एक एनआरआई लड़की से गांव के साधारण लड़के की बातचीत और इस दौरान उन्हें क्या-क्या बाधाओं का सामना करना पड़ता है, ये देखना बहुत ही मजेदार होगा ।