
साल 2005 में आई राम गोपाल वर्मा की फ़िल्म सरकार, जिसमें अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और केके मेनन मुख्य भूमिका में नजर आए थे, को समीक्षकों और दर्शकों द्दारा खूब पसंद किया गया । फ़िल्म के सभी कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय के लिए खूब तारीफ़े बटोरी और अभिषेक बच्चन को तो इस फ़िल्म के लिए कई सारे अवॉर्ड भी मिले । साल 2008 में आय फ़िल्म सरकार का सीक्वल, सरकार राज, ये फ़िल्म बॉक्सऑफ़िस पर ठीक-ठाक साबित हुई और इस फ़िल्म में अभिषेक-अमिताभ के साथ ऐश्वर्या राय बच्चन भी नजर आईं थी ।
और अब पूरे 8 साल बाद, राम गोपाल वर्मा अपनी फ़िल्म सरकार का तीसरा पार्ट सरकार 3 लेकर आ रहे हैं और इस आगामी फ़िल्म की पहली झलक 26 अगस्त को देखने को मिलेगी । रामू ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि, अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय सरकार 3 में नजर नहीं आएंगे । वर्मा ने टि्वटर पर बताया कि फिल्म का फर्स्ट लुक 26 अगस्त को जारी किया जाएगा । कहानी के अनुसार, अभिषेक और ऐश्वर्या इसका हिस्सा नहीं होंगे । वर्मा ने आगे यह भी लिखा कि यह फिल्म पहली दोनों फिल्मों से अधिक रोचक होगी । इसके सभी पात्रों की घोषणा जल्द की जाएगी ।
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि अमिताभ बच्चन सरकार 3 में होंगे या नहीं । पहले उनके होने की खबरें आई थीं, लेकिन वर्मा और उनके बीच हुई खटपट से यह ठंडे बस्ते में चली गईं । उल्लेखनीय है कि उन्होंने पिछली दोनों फिल्मों में केंद्रीय भूमिका निभाई थी ।
फ़िल्म की खास बात ये होगी कि इसमें कोई खलनायक नहीं होगा । और जैसा की सरकार की पहली किश्तों में देखा गया है उसी ट्रेडीशन को फ़ोलो करते हुए फ़िल्म के बाकी कलाकारों को काफ़ी उच्च स्तर का बताया जाएगा । राम गोपाल वर्मा ने कहा कि सरकार का विशिष्ट स्वरूप नहीं बदलेगा, लेकिन स्क्रिप्ट की जटिलता को देखते हुए, इसकी दृश्य शैली बदल जाएगी ।
















