महानायक अमिताभ बच्चन, जो इन दिनों टेलिविजन पर अपने लोकप्रिय क्विज शो केबीसी के नए सीजन को होस्ट करते हुए नजर आ रहे हैं, अपनी रोमांचक आगामी फ़िल्म ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान की रिलीज की तैयारियों में व्यस्त है । इसके बाद अमिताभ बच्चन अपनी अगली फ़िल्म झुंड की शूटिंग शुरू करेंगे । भूषण कुमार और नागराज मंजुले की फ़िल्म झुंड की शूटिंग नागपुर में नवंबर से शुरू होगी और लगातार होगी । अमिताभ बच्चन इस फ़िल्म की शूटिंग को मध्य नवंबर में शुरू करेंगे जब उनके शो केबीसी का फ़ाइनल एपिसोड होगा और साथ ही उनकी बहुप्रतिक्षित फ़िल्म ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान भी रिलीज हो चुकी होगी ।

ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान के बाद अमिताभ बच्चन अगले 45 दिनों तक झुंड में बिजी हो जाएंगे

जब से ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान में से अमिताभ का खुदाबक्श किरदार सामने आया है, दर्शकों के बीच में फ़िल्म के लिए प्रत्याशा और ज्यादा बढ़ गई है । इस फ़िल्म में अमिताभ पहली बार आमिर खान के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए दिखाई देंगे ।

झुंड की बात करें तो, अभी तक इस फ़िल्म में उनके किरदार को गुप्त रखा जा रहा है । लेकिन हमने सुना है कि, इस फ़िल्म में उनका बेहद शानदार अवतार देखने को मिलेगा । फिल्म में अमिताभ झोपड़पट्टी में रहने वाले फुटबॉल खिलाड़ियों के कोच विजय बरसे की भूमिका निभाएंगे । यह फिल्म असल जिंदगी की घटनाओं से बेहद प्रभावित है ।

अमिताभ बच्चन लगातार 45 दिनों तक झुंड की शूटिंग करेंगे

बता दें कि फिल्म की पूरी शूटिंग नागपुर में की जाएगी । 75 से 80 दिनों की इस शूटिंग में अमिताभ अपने हिस्से की नॉन-स्टॉप 45 दिनों की शूटिंग नागपुर में करेंगे । खबरों की मानें तो शुरू में दो बार अमिताभ बच्चन को नागराज की यह कहानी पसंद नहीं आई थी । अमिताभ ने उन्हें स्क्रिप्ट फिर से लिखने के लिए कहा था । फ़िल्म में अमिताभ जिन बच्चों के कोच बनेंगे वो बच्चें उनके साथ मिलकर जल्द ही रिहर्सल शुरू कर देंगे । इन स्ट्रीट किड्स को प्रोफ़ेशनल एक्टर्स के अंडर में एक्टिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी ।

नागपुर में फ़िल्म की शूटिंग शुरू करने के बारें में फ़िल्म के निर्देशक नागराज मुंजुले का कहना है कि, ''मैंने नागपुर शहर चुना क्योंकि कहानी वहीं पर आधारित है । मैं जितना संभव हो फिल्म को उतना प्रामाणिक दिखाना चाहता हूं । नागपुर का अपना अनोखा आकर्षण है और इसका अनुभव मुंबई और पुणे से अलग है ।''

अमिताभ के साथ काम करने के बारे में उन्होंने कहा, 'मिस्टर बच्चन के साथ काम करना सपना पूरा होने जैसा है । वह हमेशा से मेरे पसंदीदा अभिनेता हैं और उनके अलावा इस किरदार के साथ न्याय और इसमें पूरी तरह फिट और कोई नहीं हो सकता था ।''

यह भी पढ़ें : सैराट के निर्देशक के लिए अब ऐसा किरदार निभाएंगे अमिताभ बच्चन

अमिताभ की फ़िल्म झुंड को भूषण कुमार की टी-सीरिज, सविता राज हिरेमाथ, नागराज मंजुले द्वारा टी-सीरीज़ फिल्म्स, तांडव फिल्म्स एंटरटेनमेंट लिमिटेड, बैनर के तहत प्रोड्यूस और नागराज मंजुले द्वारा निर्देशित किया जाएगा ।