इससे पहले की आप सोचें कि अमिताभ बच्चन मराठी सिनेमा में भरी-पूरी भूमिका निभाने वाले हैं, तो हम आपको बता देंते हैं कि असल में ब्लॉकबस्टर मराठी फिल्म, सैराट के निर्देशक नागराज मंजूले, अब बॉलीवुड में उतरने की योजना बना रहे हैं । निर्देशक की पिछली फ़िल्म ने रिकॉर्डतोड़ सफ़लता हासिल की और उसके बाद अब उन्होंने अपनी अगली फ़िल्म बनाने का फ़ैसला किया, जो कि एक सोशल ड्रामा फ़िल्म होगी, जिसमें अमिताभ बच्चन अहम भूमिका में नजर आएंगे ।

आपको बता दें कि इस फ़िल्म के लिए अमिताभ बच्चन ने हामी भर दी है और दिलचस्प बात ये है कि इस फ़िल्म में वह अत्यधिक वृद्ध व्यक्ति का ग्रे शेड निभाते हुए नजर आएंगे । हालंकि फ़िल्म की कास्ट और स्क्रिप्ट के बारें में बाकी की जानकारी फ़िलहाल गुप्त रखी गई है ।

वहीं दूसरी तरफ़, हमने सुना है कि निर्देशक नागराज अमिताभ बच्चन के बहुत बड़े प्रशंसक हैं और उनका फ़िल्म में काम करना उनके लिए सौभाग्य की बात है । बचपन से ही अमिताभ बच्चन उनकी प्रेरणा रहे हैं, क्योंकि उन्होंने बच्चन की कल्ट फ़िल्म शोले में कुछ सीन किए थे और उसी के बाद से उन्होंने निर्देशक बनने का फ़ैसला किया ।

इसके अलावा, यह भी कहा जा रहा है कि अमिताभ बच्चन अक्सर नागराज मंजूले के निर्देशन की प्रशंसा करते रहते हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर उन्हें 'जीनियस डायरेक्टर' भी कहा है । इतना ही नहीं, अमिताभ बच्चन ने उनकी फ़िल्म सैराट की सफ़लता पर उन्हें एक बधाई संदेश भी भेजा था ।