महामारी के दौरान निस्वार्थ भाव से जरूरतमंद लोगों की लगातार मदद करने वाले अभिनेता सोनू सूद की दरियादिली ने हर किसी का दिल जीत लिया । और अब फ़िल्ममेकर्स भी सोनू सूद की इस लोकप्रियता को भुनाने में लगे हुए हैं । सोनू की लेटेस्ट तेलगु फ़िल्म Alludu Adhurs, जिसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है, में अब एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा । संतोष श्रीनिवास द्वारा निर्देशित फ़िल्म Alludu Adhurs में जहां सोनू का रोल पहले सीमित था वहीं अब उसे बढ़ा दिया गया है । सोनू का किरदार अब इसमें फ़िल्म के लीड हीरो साईं श्रीनिवास बेलमकोंडा की तुलना में ज्यादा दमदार नजर आएगा ।

अब फ़िल्मों में विलन नहीं बनेंगे सोनू सूद, अभिनेता की मसीहाई सुपरहीरो छवि को भुनाने में लगे फ़िल्ममेकर्स

सोनू सूद का रोल बना हीरो से भी ज्यादा दमदार

इतना ही नहीं सूत्र ने हमें बताया है कि सोनू के लिए फ़िल्म में दो गाने भी जोड़े गए हैं । इस फ़िल्म से जुड़े सूत्र ने बताया, “महामारी के दौरान बनी सोनू की मसीहाई सुपरहीरो छवि के अनुरूप फ़िल्म की स्क्रिप्ट को संशोधित किया गया है । कई सीन जो पहले शूट हो चुके थे, अब उन्हें फ़िर से नए सिरे से लिखा गया है और अब वो फ़िर से शूट किए जाएंगे । इसके अलावा फ़िल्म में कई नए सीन्स को भी जोड़ा गया है । एक बड़ा एक्शन सीक्वंस, जो पहले नहीं था, उसे भी अब शूट किया गया है । दो गाने सोनू के लिए फ़िल्म में शामिल किए गए हैं । असल में फ़िल्म के निर्देशक और निर्माता को लगता है कि सोनू की नई मसीहाई सुपरहीरो छवि को ध्यान में रखते हुए उन्हें स्क्रिप्ट में बदलाव करना पड़ा नहीं तो दर्शक निराश हो जाते ।”

विलन नहीं बनेंगे सोनू

जब हमने सोनू से संपर्क किया तो उन्होंने कहा, “पिछले एक साल के अंदर में मेरी जिंदगी में कई सारे बदलाव आए हैं और सब पॉजिटिव हैं । जहां तक एक अभिनेता के रूप में मेरे करियर का सवाल है, तो अब मैं निगेटिव किरदार नहीं करुंगा । अबसे मैं सिर्फ़ अच्छे और सकारात्मक रोल करुंगा वो भी दमदार रोल सिर्फ़ । मुझे कई सारे अच्छे रोल्स ऑफ़र हुए हैं । मुझे साल में कम से कम एक-दो फिल्में करने के लिए समय सीमा तय करने की जरूरत है ।”

यह भी पढ़ें : कोरोना संकटकाल में जरूरतमंदों की मदद के लिए सोनू सूद ने गिरवी रखी अपनी 8 प्रोपर्टी, लिया 10 करोड़ रु का लोन

सोनू को बंगाल के करीमुल हक “बाइक वाले एंबुलेंस दादा”, जो गाँवों में बीमारों को अस्पताल ले जाने के लिए जाने जाते हैं, की भूमिका ऑफ़र हुई थी । जहां सुविधाओं की कमी है उन क्षेत्रों में ऑन-टाइम एम्बुलेंस सेवा के साथ सैकड़ों लोगों की मदद करने वाले करीमुल हक को उनकी अविश्वसनीय सेवा के लिए उन्हें पद्म श्री पुरस्कार भी दिया गया है ।