साल 2020 खत्म होने को है और हमेशा की तरह इस बार भी दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित मैगजीन फ़ोर्ब्स ने इस साल 100 सबसे ज्यादा कमाई करने वाले दुनियाभर के सेलिब्रिटिज की लिस्ट जारी की जिसमें अभिनेता अक्षय कुमार ने तकरीबन 356 करोड़ रु की कमाई कर इस सूची में 52वां स्थान हासिल किया है । और अब फोर्ब्स ने एशिया के 100 ऐसे डिजिटल स्टार की लिस्ट भी जारी की है, जिसमें दुनियाभर के उन स्टार्स के नाम शामिल हैं, जिन्होंने अपनी फिल्मों, गानों और सीरियल्स के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी लोगों के दिल जीते हैं और जिनकी फैन फॉलोइंग ने कई रिकॉर्ड तोड़े हैं । और इस सूची में भी अक्षय कुमार ने बाजी मार ली ।

अक्षय कुमार बने सबसे ज्यादा कमाई करने वाले भारतीय अभिनेता
फोर्ब्स एशिया की लिस्ट में बॉलीवुड में सबको पछाड़ते हुए खिलाडी अक्षय कुमार ने छठा नबंर हासिल किया है । इस लिस्ट के अनुसार अक्षय फिल्मों,सोशल मीडिया के साथ-साथ रियल लाइफ में भी जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और उनका सहारा बनते हैं । फोर्ब्स की लिस्ट के मुताबिक, अक्षय ने इस साल लगभग 356 करोड़ रुपये की कमाई की है । अक्षय न सिर्फ बॉलीवुड में सबसे ज्यादा फिल्में करते हैं बल्कि सोशल मीडिया पर भी हमेशा फैन्स के साथ जुड़े रहते हैं और यही वजह है कि आज उनके इंस्टाग्राम पर 47.5 मिलियन और ट्विटर पर 40.1 मिलियन फॉलोवर्स हैं ।
कोरोना महामारी के दौरान दिल खोल कर दिया दान
अक्षय न केवल एक बेहतरीन अभिनेता हैं बल्कि एक शानदार इंसान भी हैं । कोरोना महामारी के दौरान अक्षय ने जरूरतमंदों की दिल खोलकर मदद की । चैरिटी के मामले में भी अक्षय पीछे नहीं हैं । अक्षय ने फेसबुक लाइव पर ‘आई फॉर इंडिया’ के लिए पैसे जमा करने वाले कॉन्सर्ट में भी भाग लिया था, जिसने कोविड -19 फंड के लिए 520 मिलियन जुटाए ।
इस लिस्ट में सबसे ऊपर बीटीएस, दक्षिण कोरिया का सात सदस्यीय बैंड है । जो दुनिया के सबसे फेमस और सफल बैंड में से एक है । सोशल मीडिया पर इनके करीब 33 मिलियन फॉलोअर्स है ।
कमाई के मामले में 52वें नंबर पर हैं अक्षय
इसके अलावा फोर्ब्स की वर्ल्ड हाइएस्ट पेड-100 सेलेब्रिटीज लिस्ट में भारत से सिर्फ अक्षय का नाम शामिल है । हालांकि, अक्षय की कमाई बीते एक साल में 22% घटकर 364 करोड़ रुपए (4.84 करोड़ डॉलर) रह गई है । लिस्ट में वे 33वीं रैंक से फिसलकर 52वें नंबर पर आ गए हैं । पिछले साल अक्षय की इनकम 466 करोड़ रुपए थी ।
फोर्ब्स के मुताबिक अक्षय बॉलीवुड में सबसे ज्यादा कमाने वाले एक्टर हैं । फोर्ब्स ने अक्षय को भारत के सबसे बड़े दानदाता सेलिब्रिटीज में भी शुमार किया है ।
वर्कफ़्रंट की बात करें तो तय समय से पहले बेल बॉटम की शूटिंग खत्म करने के बाद अक्षय इन दिनों पृथ्वीराज और अतरंगी रे की शूटिंग में बिजी हैं । इसके बाद वह बच्चन पांडे की शूटिंग शुरू करेंगे । अक्षय की अन्य आगामी फ़िल्मों में शामिल हैं- सूर्यवंशी, बेल बॉटम, रक्षाबंधन और राम सेतु ।
















