अमेजॉन प्राइम वीडियो ने हाल ही में अमेजॉन ओरिजिनल सीरीज द फैमिली मैन का एक कौतूहल भरा टीजर लॉन्च किया था, जिसके कारण पूरे देश में मौजूद इस सीरीज के प्रशंसकों के बीच हर्षातिरेक की लहर दौड़ गई थी । इंतजार की बेताबी के चलते द फैमिली मैन के कई सुपरफैन इस टीजर के भीतर छिपे एक सुराग के जरिए नए सीजन के लॉन्च की तारीख को डिकोड करने में वाकई कामयाब रहे । लॉन्च की तारीख पर आखिरी मुहर लगने की प्रतीक्षा कर रहे लाखों प्रशंसकों की अटकलबाजियां खत्म करने तथा उन्हें खुशी देने के लिए अमेजॉन प्राइम वीडियो ने आज आधिकारिक रूप से अपने इस अवार्ड-विनिंग शो द फैमिली मैन के नए सीजन को लॉन्च करने हेतु 12 फरवरी 2021 की तारीख घोषित कर दी है ।

मनोज बाजपेयी अभिनीत द फैमिली मैन सीजन 2 अमेजॉन प्राइम वीडियो पर 12 फरवरी को होगा रिलीज

द फैमिली मैन का नया सीजन 12 फरवरी 2021 को होगा रिलीज

इस एक्शन स्पाई थ्रिलर के सीक्वल का नैरेटिव बहु-स्तरीय है । इस बार यह भारत के पसंदीदा फेमिली मैन श्रीकांत तिवारी की वापसी का गवाह बनने जा रहा है, जिसकी भूमिका मनोज वाजपेयी निभा रहे हैं । अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी के बीच संतुलन बनाने की जद्दोजहद करते हुए इस बार श्रीकांत तिवारी प्रतिशोध की एक नई देवी ‘राजी’ के मुकाबिल होगा, जिसकी भूमिका सामंथा अक्किनेनी निभा रही हैं। उतार-चढ़ावों से भरपूर आगामी सीजन में हम श्रीकांत को एक नए मिशन पर निकलता देखेंगे, क्योंकि ‘दिस टाइम, नो वन इज सेफ’ ।

इस लोकप्रिय फ्रैंचाइजी की वापसी के बारे में बात करते हुए अमेजॉन प्राइम वीडियो में इंडिया ओरिजिनल्स की प्रमुख अपर्णा पुरोहित ने टिप्पणी की, “द फैमिली मैन ने स्पाई थ्रिलर वाले जॉनर के लिए भारत में एक नया मानदंड स्थापित किया था । अपनी दिलकश कहानी और कलाकारों के अभूतपूर्व प्रदर्शन के लिए प्रशंसकों और आलोचकों द्वारा समान रूप से सराहा गया यह शो हमारी लोकप्रिय संस्कृति का हिस्सा बन गया । हाल ही में जब हमने इसके टीजर पोस्टर का अनावरण किया, तो प्रशंसक उसमें दिखाए गए ‘1202’ को उल्टे रूप में ‘2021’ पढ़कर शो की लॉन्च डेट को डिकोड करने में कामयाब रहे- यह तथ्य इस शो के बेमिसाल फैनडम का प्रमाण है । हम अपने ग्राहकों के लिए द फैमिली मैन का ब्रांड-न्यू सीजन पेश करने को लेकर रोमांचित व उत्साहित हैं । ध्यान रहे- ‘दिस टाइम, नो वन इज सेफ ।’

बेहद लोकप्रिय और सबके चहेते द फेमिली मैन की आवारा खयालों वाली सृजनकर्ता जोड़ी राज और डीके का कहना है, “द फेमिली मैन की दुनिया में लौट कर हम रोमांचित और उत्साहित हैं । पहले सीजन को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और इस शो ने वाकई दर्शकों के दिल के तार छेड़ दिए । हमें आशा है कि हम पहले सीजन के जितनी ही दिलकश और दिलचस्प कहानी कहना जारी रख पाएंगे । बीते 16 महीनों से हमसे एक ही सवाल बार-बार पूछा जा रहा था कि- आखिर सीजन 2 कब शुरू होने जा रहा है ? महामारी के पूरे दौरान हमारी टीम ने घर से काम किया है और इस सीजन का काम पूरा करने के लिए हर तरह की बाधाओं के बीच अपनी भूमिका निभाई है । अपने शो से जुड़े हर व्यक्ति का हम शुक्रिया अदा करना चाहते हैं । और हमारे प्रशंसक निश्चिंत हो सकते हैं क्योंकि द फेमिली मैन के नए सीजन में हम दर्शकों को चौंकाने वाली ढेर सारी चीजें प्रस्तुत करने जा रहे हैं ।”

अमेजॉन ओरिजिनल सीरीज में मनोज बाजपेयी, सामंथा अक्किनेनी, प्रियामणि समेत पूरे भारत की अद्भुत प्रतिभाओं से सजा सितारों का कारवां मौजूद है, जिसमें शारिब हाशमी, सीमा बिस्वास, दर्शन कुमार, शरद केलकर, सनी हिंदूजा, श्रेया धन्वंतरि, शहाब अली, वेदांत सिन्हा और महक ठाकुर का नाम शामिल है । डी2आर फिल्म्स द्वारा निर्मित यह बहुप्रतीक्षित शो 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में अमेजॉन प्राइम वीडियो पर विशेष रूप से लॉन्च होगा ।