माधुरी दीक्षित एक बार फ़िर बड़े पर्दे पर लौट रही है, लेकिन इस बार वो मराठी सिनेमा में अपना डेब्यू कर रही है फ़िल्म बकेट लिस्ट के साथ । मराठी फ़िल्म बकेट लिस्ट में माधुरी दीक्षित एक हाउसवाइफ़ के किरदार में नजर आएंगी जो अपने जीवन के बकेट लिस्ट में मौजूद हर इच्छा को पूरा करना चाहती है । यह फ़िल्म जिंदगी की यथार्थता को दर्शाती एक मजबूत संदेश देती है । जहां माधुरी दीक्षित इस फ़िल्म से अपना मराठी डेब्यू कर रही है वहीं रणबीर कपूर भी इस फ़िल्म में एक छोटे से रोल में नजर आएंगे । बता दें कि रणबीर कपूर माधुरी के बहुत बड़े फ़ैन है । और शायद यही वजह है कि वो इस फ़िल्म में एक छोटे से रोल के लिए रजी हो गए ।

रणबीर कपूर के काम से हर कोई हुआ बेहद खुश
हमने आपको पिछले महीने बताया कि रणबीर एक बार फ़िर माधुरी के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे । इससे पहले रणबीर और माधुरी की जोड़ी, फ़िल्म ये जवानी है दीवानी, के गाने 'घाघरा' में एक दूसरे के साथ थिरकती हुई नजर आई थी । इस गाने में दोनों की कैमिस्ट्री कमाल की थी । और अब एक बार फ़िर ये जोड़ी एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएगी ।
इस बार रणबीर मराठी फ़िल्म बकेट लिस्ट में माधुरी के साथ नजर आएंगे । रणबीर के साथ काम करने के बारें में खुश होते हुए माधुरी ने कहा कि, वह रणबीर के साथ काम करने केलिए बहुत उत्साहित है । उन्होंने 'घाघरा' गाने में धमाल किया था और उम्मीद है कि बकेट लिस्ट में भी वो वैसा ही धमाल करेंगे । माधुरी ने आगे कहा कि, बकेट लिस्ट की पूरी कास्ट एंड क्रू रणबीर के काम से काफ़ी प्रभावित हुआ ।
बकेट लिस्ट के निर्देशक तेजस देओस्कर रणबीर की तारीफ़ करते नहीं थक रहे । उन्होंने रणबीर के छोटे से रोल की पूरी जानकारी भी दी । उन्होंने बताया कि, उनका बेहद छोटा सा रोल है और उनका शूट भी सिर्फ़ एक दिन के लिए था । ये कैमियो स्क्रिप्ट में पहले से ही मौजूद था, जबरदस्ती इसे नहीं डाला गया है । निर्देशक के अनुसार, इस फ़िल्म में एक ऐसा सीन है जब फ़िल्म का एक किरदार किसी सुपरस्टार के साथ सेल्फ़ी क्लिक करने की कामना करता है । इस बारें में वे सोच रहे थे कि उन्हें इस रोल के लिए किस सुपरस्टार के पास जाना चाहिए और तभी रणबीर का नाम एकदम से दिमाग में आया । उन्हें ये तो पता था कि रणबीर माधुरी के फ़ैन है इसलिए वो इसके लिए हामी भर देंगे ।
माधुरी ने रणबीर को इस फ़िल्म में आने के लिए कहा
निर्देशक ने आगे बताया कि उन्होंने माधुरी से कहा था कि वह रणबीर से बात करें कि यदि वो इस फ़िल्म में आने के इच्छुक हो । माधुरी ने रणबीर से बात की और रणबीर ने खुशी-खुशी इस फ़िल्म में कैमियो करने के लिए हामी भर दी । उन्होंने अपने छोटे से रोल में मराठी में ही बातचीत की है जिससे उनका सीन एकदम ऑथेंटिक लगे । फ़िल्म की कास्ट और क्रू रणबीर के काम के प्रति निष्ठा और शिष्टता को देख काफ़ी प्रभावित हुए ।
यह भी पढ़ें : करण जौहर ने जो काम अब तक नहीं किया वो अब माधुरी दीक्षित के लिए करेंगे
मराठी फ़िल्म, बकेट लिस्ट सामान्य जीवन की यथार्थता दर्शाती एक फ़िल्म है जो एक ऐसी हाउसवाइफ़, जो अपने बकेट लिस्ट में सब कुछ पाना चाहती है, के इर्द-गिर्द घूमती है । तेजस देओस्कर द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म डार्क हॉर्स सिनेमाज, डर मोशन पिक्चर्स और ब्लू मुस्तांग क्रिएशन्स द्दारा प्रोड्यूस की गई है । यह फ़िल्म 25 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















