अभी कुछ दिन पहले, अक्षय कुमार ने ट्विटर पर ऐलान किया था कि वह साल 2016 में आई अपनी फ़िल्म रुस्तम में पहनी नैवी के ऑफ़िसर की यूनिफ़ॉर्म की नीलामी करेंगे । इस ऐलान के बाद सोशल साइट पर अक्षय कुमार ने इस यूनिफ़ॉर्म की नीलामि शुरु कर दी ताकि, उससे मिले पैसों का इस्तेमाल नेक काम में किया जा सके । लेकिन अक्षय की इस नीलामि की लोगों ने खूब आलोचना की और कहा कि ऐसा करके वह, 'सशस्त्र बलों के कर्मियों और शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं' की संवेदनाओं के साथ खेल रहे है । ट्विंकल खन्ना ने भी अपने पति के इस ट्वीट को रीशेयर किया, जिसकी कुछ यूज़र ने आलोचना भी की थी । और इसी के चलते अब ये नीलामि एक कानूनी विवाद में फ़ंस गई है और इसी बाबत अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना को कानूनी नोटिस दिया गया है ।

अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना को मिला लीगल नोटिस
रुस्तम की वर्दी नीलामी विवाद में अक्षय कुमार, उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना और आक्शन हाउस सॉल्टस्काउट को लीगल नोटिस भेजा गया है । इस लीगल नोटिस भेजने वालों में 21 लोगों का नाम शामिल है । इनमें 11 सर्विंग आर्मी आफिसर्स, 1 आईएएफ अधिकारी और सात रिटायर्ड आफिसर्स का नाम शामिल है । नोटिस में अक्षय और ट्विंकल से कहा गया है कि वह इस वर्दी की नीलामी को तुरंत रोक दें अन्यथा भारतीय दंड संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ।
गौरतलब है कि, 26, अप्रैल को अक्षय ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस नीलामी का ऐलान किया था । लेकिन वर्दी की नीलामी के फैसले पर ऐतराज जताते हुए ऑफिसर संदीप अहलावत ने कहा था कि यह महज एक यूनिफॉर्म नहीं, बल्कि सम्मान और बलिदान है । इसलिए अगर अक्षय ने इसे नीलाम करने की कोशिश की तो वह उन्हें कोर्ट में घसीटेंगे । इस मामले में ट्विंकल खन्ना ने अधिकारी के संदेश पर प्रतिक्रिया दी थी कि वह हिंसक धमकियों से जवाब नहीं देंगी, बल्कि कानून कार्रवाई करेंगी ।
ट्विंकल खन्ना ने दिया जवाब
टि्वंकल ने कहा, 'किसी फिल्म में पहनी गई वर्दी को नीलाम करके उससे प्राप्त पैसों का इस्तेमाल उपकारी काम में करने का फैसला लेने वाली महिला को शारीरिक क्षति पहुंचाने की धमकी दी जाती है । क्या एक समाज के नजरिए से इस तरह की धमकी देना सही है ? मैं इसका जवाब हिंसक धमकियां देकर नहीं दूंगी बल्कि मैं कानूनी प्रक्रिया का पालन करूंगी ।'
इसके बाद एक कार्यक्रम में पहुंचे अक्षय कुमार इस मामले में मीडिया से हुई बातचीत में कहा, 'मैं इस मुद्दे पर ट्विंकल के साथ खड़ा हूं। मैं और मेरी पत्नी अच्छे विचार के साथ कुछ भलाई का काम करने जा रहे हैं । यह कॉस्ट्यूम था, जिसे मैंने फिल्म में पहना था और इसकी नीलामी किसी भले काम के लिए की जा रही है । मुझे नहीं लगता कि हमने कुछ गलत किया है। यदि किसी को यह करना गलत लगता है तो ठीक है, तो मैं उसके लिए कुछ नहीं कर सकता ।'
यह भी पढ़ें : ट्विंकल खन्ना को समझ नहीं आ रहा कि 'हंसना है या रोना है'
आपको बता दें कि इस नीलामी से मिलने वाले पैसे को एक ऐनिमल वेलफेयर ट्रस्ट की मदद की जानी थी । बता दें, कि अभिनेता अक्षय द्दारा फिल्म रुस्तम में पहनी हुई नेवी ऑफिसर की यूनिफॉर्म नीलामी के लिए दी थी । 24 घंटे से भी कम समय में इस ड्रेस के लिए 20,000 रुपये की बोली लगाई गई । इसके बाद ये कीमत 20 हजार से ढाई करोड़ तक पहुंच गई ।
















