आज सुबह 64वें राष्ट्रीय फिल्म अवॉर्ड्स का ऐलान किया गया जिसमें अक्षय कुमार को उनकी फ़िल्म रुस्तम के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला । नेवी ऑफिसर केएम नानावती के जीवन पर आधारित फिल्म रुस्तम में अक्षय को उनकी बेमिसाल अदायगी के लिए ये पुरस्कार दिया गया है ।

आपको बता दें कि अक्षय को पहली बार उनकी किसी फ़िल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है । जैसे ही राष्ट्रीय पुरस्कार की घोषणा हुई और उसमें अक्षय कुमार के नाम का ऐलान किया गया वैसे ही उन्हें शुभकामनाओं का तांता लग गया । अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना ने अपने पति अक्षय पर गर्व करते हुए ट्विटर पर लिखा, 'मुझे समझ नहीं आ रहा हंसना है या रोना है, अक्षय कुमार मुझे तुम पर गर्व है । तुम बेहतरीन इंसान हो ।'

सच्ची घटना पर आधारित फिल्म रुस्तम में नेवी ऑफिसर के किरदार में जान फूंकने वाले अक्षय की यह पहली फिल्म है जिसे राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा जायेगा । राष्ट्रीय पुरस्कार पाकर अक्षय कुमार बेहद खुश हैं । अक्षय ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए ट्विटर पर एक वीडियो अपलोड किया है । इस वीडियो में उन्होंने सबका शुक्रिया अदा किया ।

आपको बता दें कि इससे पहले अक्षय को कभी किसी अवॉर्ड से नहीं नवाजा गया है । भले ही उनकी फ़िल्मों ने बॉक्सऑफ़िस पर धमाल मचाया हो लेकिन उन्हें कभी अवॉर्ड के माध्यम से सराहा नहीं गया । लेकिन इस बार सीधे राष्ट्रीय पुरस्कार पाकर अक्षय ने साबित कर दिया कि वो एक बेहतरीन अभिनेता हैं ।