बॉलीवुड के दो दिग्गज सलमान खान और आलिया भट्ट, जो अभी तक किसी भी फ़िल्म में साथ नजर नहीं आए, को पर्दे पर साथ लाने का काम किया संजय लीला भंसाली की आगामी फ़िल्म इंशाअल्लाह ने । भंसाली की यह फ़िल्म एक लव स्टोरी पर बेस्ड होगी । इस फ़िल्म पहली बार सलमान खान के अपोजिट आलिया भट्ट नजर आएंगी । हालांकि आलिया को अपने से 27 साल बड़े एक्टर सलमान खान के साथ पेयरअप होने पर खूब ट्रोल किया गया था लेकिन आलिया ने इसका करारा जवाब दिया ।

इंशाअल्लाह में सलमान खान और आलिया भट्ट के बीच लव केमिस्ट्री दिखाई जाएगी
सलमान और आलिया के बीच उम्र का बड़ा अंतर होने के बावजूद भी भंसाली ने दोनों के बीच रोमांटिक इक्वेशन को दिखाने का फ़ैसला किया है । हालिया खबरों की मानें तो सलमान इस फ़िल्म में 40 साल की मध्य उम्र के कारोबारी का किरदार अदा करते हुए नजर आएंगे । ऐसा सुनने में आ रहा है कि उनका किरदार साल 1997 में आई उनकी ही रॉम कॉम फ़िल्म जब प्यार किसी से होता है, से प्रेरित है ।
आलिया के किरदार की बात करें तो वह इसमें अपनी ही उम्र के किरदार को अदा करेंगी और उनकी उम्र का अंतर ही इस फ़िल्म का मुख्य प्लॉट होगा । अब हमें पूरी उम्मीद है कि भंसाली इस कहानी के साथ पूरा न्याय करेंगे ।
भंसाली ने शूटिंग लोकेशन फ़ाइनल की
इसके अलावा सुनने में यह भी आया है कि भंसाली ने इंशाअल्लाह के शूटिंग लोकेशन को भी फ़ाइनल कर लिया है । जहां फ़िल्म का एक भाग गंगा के घाट पर फ़िल्माया जाएगा वहीं दूसरा भाग अमेरिका में फ़िल्माया जाएगा । भंसाली की टीम ने हरिद्वार, ऋषिकेश और उतरकाशी में कुछ लोकेशन देखें हैं जो उन्हें काफी पसंद आए हैं ।
यह भी पढ़े :BREAKING: संजय लीला भंसाली की लव स्टोरी इंशाअल्लाह में सलमान खान के साथ हुई आलिया भट्ट की एंट्री
गौरतलब है कि आलिया और सलमान की जोड़ी पहली बार पर्दे पर साथ नजर आएगी । इसलिए यह फ़िल्म दर्शकों के लिए उत्सुकता बढ़ाने का काम कर रही है । वहीं दूसरी तरफ़ सलमान भी 12 साल बाद भंसाली के साथ फ़िर से काम करने जा रहे है । दबंग 3 की शूटिंग खत्म करने के बाद सलमान इंशाअल्लाह के लिए तैयारी शुरू कर देंगे । वहीं आलिया, जो एस एस राजामौली की RRR में बिजी हैं, जल्द ही अपनी आगामी फ़िल्म सड़क 2 की शूटिंग शुरू करेंगी और उसके बाद ही वह इंशाअल्लाह के लिए फ़्री हो पाएंगी ।
















