भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल के बीच बॉलीवुड और टीवी आर्टिस्ट जमकर भारत को सपोर्ट कर रहे हैं । टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने भी भारत की तरफ़ से पाकिस्तान पर की गई एयरस्ट्राइक का समर्थन किया और इसके बाद से ही वो अपने पाकिस्तानी फ़ैंस के निशाने पर आ गई हैं । हिना खान को सोशल मीडिया पर उनके पाकिस्तानी फ़ोलोअर्स जमकर ट्रोल कर रहे हैं और कुछ ने तो हिना को अनफ़ोलो भी कर दिया है । जिसका करारा जवाब अब हिना खान ने दिया है ।

हिना खान ने अपने पाक फ़ोलोअर्स को दिया करारा जवाब
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर पाक फैंस हिना खान को गालियां और धमकियां देकर अनफॉलो कर रहे हैं ऐसे में अब एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम के स्टोरीज पर एक पोस्ट शेयर कर पाक फैंस को मुहतोड़ जवाब दिया है । इसी के साथ हिना ने पाकिस्तानी फैंस को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अनफॉलो करने से कोई फर्क नहीं पड़ता है ।
हिना खान ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैंने अपनी पूरी जिंदगी सरहद पार के लोगों से भी सिर्फ प्यार ही किया है । ऑपरेशन सिंदूर से पहले और बाद में अपने देश का समर्थन करने को लेकर मुझे आप में से कई लोगों ने गाली दी, कोसा, कई लोगों ने अनफॉलो भी कर दिया । यही नहीं, कई तो मुझे अनफॉलो करने की धमकी भी दे रहे हैं । इस धमकी के साथ गाली-गलौज, अश्लील और अपमानजनक शब्द इस्तेमाल कर रहे हैं, जो केवल नफरत को दिखाता है । आपके ये शब्द मेरी बीमारी, परिवार और मेरे धर्म के लिए भी हैं ।”
हिना ने आगे लिखा- “मैं आपसे अपने देश का समर्थन करने की उम्मीद नहीं करती । आप अपने देश का समर्थन करते हैं, यह ठीक है, मैं आपसे इस मौके की बारीकियों को समझने की उम्मीद नहीं करती । मैं सिर्फ यही उम्मीद करती हूं कि ऐसे समय में आप कम से कम इंसानियत दिखाएं, जितना मैं आप सभी के प्रति करती आई हूं, वैसा व्यवहार करें । लेकिन मुझे लगता है कि हमारे बीच यही अंतर है । अगर मैं भारतीय नहीं हूं, तो मैं कुछ भी नहीं हूं । मैं हमेशा सबसे पहले भारतीय ही रहूंगी । तो आप लोग मुझे अनफॉलो कर सकते हैं, मुझे इस बात की जरा भी परवाह नहीं है । मैंने आप में से किसी को अपशब्द नहीं कहा, केवल अपने देश का समर्थन किया है ।”

हिना ने आगे लिखा- “आप जो कहते हैं, वह आपकी विचारधारा को परिभाषित करता है। कठिन समय में आप कैसे काम करते हैं, यह एक इंसान के रूप में आपके व्यक्तित्व की गहराई को दर्शाता है। आप कुछ भी क्यों ना हों, इससे मुझसे कोई लेना-देना नहीं है। मैं अपने देश का समर्थन करूंगी और देश के साथ खड़ी रहूंगी ।”
















