करण जौहर के टॉक शो, कॉफ़ी विद करण में भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और के एल राहुल का महिला विरोधी बयान एक आंधी बनकर आया था । इसकी वजह से भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और के एल राहुल को कुछ दिनों के लिए क्रिकेट पिच से बाहर भी रहना पड़ा था । हाल ही में हार्दिक पांड्या सर्बियाई मॉडल और अभिनेत्री नताशा स्टेनकोविच से अपनी सगाई को लेकर सुर्खियों में आए थे । और अब सुनने में आ रहा है कि, हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 जनवरी से शुरू हो रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए कीवी दौरे पर टीम में शामिल किया जा सकता है । 
हार्दिक पांड्या ने विवाद के बारें में बात की
इंडिया टुडे द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए हार्दिक ने कॉफ़ी विद करण वाले वाकए के बारें में बात करते हुए कहा कि, ''क्रिकेटर्स के रूप में हम नहीं जानते थे कि क्या होने वाला है । गेंद मेरे कोर्ट में नहीं थी, यह किसी और कोर्ट में थी, जहाँ उन्हें शॉट लेना था और वह बहुत ही कमजोर जगह थी जहाँ आप नहीं होना चाहते थे ।”
आपको बता दें कि, पांड्या ने शो के दौरान अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई खुलासे किए थे । इस दौरान हार्दिक ने अपनी रिलेशनशिप, डेटिंग और महिलाओं से जुड़े सवालों के भी जवाब दिए । पांड्या ने बताया कि उनके परिवारवालों की सोच काफी खुली हुई है । वो अपनी फैमिली से काफी फ्रैंक हैं । जब उन्होंने पहली बार लड़की के साथ शारीरीक संबंध बनाए तो घर आकर बताया था । इसके अलावा उन्होंने बताया कि एक बार वो अपने पैरेंट्स को पार्टी में लेकर गए, जहां मां-पापा ने हार्दिक से पूछा कि किस महिला को देख रहा है? उन्होंने एक के बाद एक सभी महिलाओं की तरफ उंगली दिखाकर बताया कि मैं सभी को देख रहा हूं ।
यह भी पढ़ें : क्रिकेटर हार्दिक पंड्या ने रोमांटिक अंदाज में नताशा स्टेनकोविच को प्रपोज कर की सगाई
हालांकि आलोचनाओं से घिरने के बाद पांड्या ने फैंस से माफी भी मांगी । पांड्या ने लिखा, 'कॉफी विद करण में मेरे बयान पर ध्यान देते हुए मैं उन सभी से माफी मांगता हूं, जिनका मैंने किसी भी तरह दिल दुखाया है । ईमानदारी से कहूं तो मैं शो के अंदाज को देखते हुए ज्यादा खुल गया । मैं किसी की बेइज्जती नहीं करना चाहता था या किसी की भावनाओं को दुख नहीं पहुंचाना चाहता था । रिस्पेक्ट ।'
















