बॉलीवुड अभिनेता ॠषि कपूर जिस हॉस्पिटल में एडमिट थे वहां के वॉर्ड बॉय ने ॠषि कपूर के अंतिम पलों का वीडियो अनैतिक रूप से शूट कर एक बड़ा अपराध किया है । वॉर्ड बॉय द्दारा ॠषि कपूर के आखिरी सांस लेते हुए वीडियो को शूट करना और फ़िर उसे अपलोड करना सीधे-सीधे कानून उल्लंघन के अंतर्गत आता है ।

हॉस्पिटल के वॉर्ड बॉय ने ॠषि कपूर के आखिरी पलों का वीडियो शूट किया
कपूर फ़ैमिली से जुड़े सूत्र के अनुसार, वह इसके खिलाफ़ कानूनी एक्शन लेने की तैयारी कर रहे हैं । “फ़िलहाल उनकी फ़ैमिली एक अलग सदमें से गुजर रही है । लेकिन जब वह इस सदमें से थोडा बहुत बाहर आ जाएंगे तो वह यकीनन उस वॉर्ड बॉय के खिलाफ़ कोई कानूनी एक्शन लेंगे ।” कपूर फ़ैमिली से जुड़े एक करीबी ने बताया ।
इतना ही नहीं सूत्र ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि इतने बड़े हॉस्पिटल में क्या वाकई कोई वॉर्ड बॉय था जिसने इस घटना को अंजाम दिया । सूत्र ने बताया, “क्या ऐसा हो सकता है कि कोई और, जैसे कि किसी अन्य मरीज के विजिटर, चुपचाप उस रूम में, जिसमें ॠषि एडमिट थे, घुस आया हो और थोड़ी देर की शोहरत के लिए ॠषि के आखिरी पलों का वीडियो शूट कर लिया हो ? क्योंकि वॉर्ड बॉयज को किसी भी मरीज की देखरेख के लिए न कि उसे परेशान करने के लिए, अच्छे से प्रशिक्षित किया जाता है ।”
सोशल-मीडिया एक्सपोजर ने अंदर के जमीर को मार दिया है
फिल्ममेकर हंसल मेहता निजता में सेंध लगाती इस घटना से काफ़ी परेशान हैं । उन्होंने कहा कि, “सोशल-मीडिया एक्सपोजर के समय में हमारा ऐसा हाल हो गया है । इसने हम सब के अंदर के जमीर को मार दिया है और एक संवेदनहीन आदमी में बदल दिया है । इस शख्स ने जो भी किया है वह वाकई शर्मनाक है । उसे सजा मिलनी चाहिए ।”
निर्माता पहलाज निहलानी की चिंता सही है, “अगर यह ॠषि जैसी शख्सियत के साथ हो सकता है, तो मृत्युशैया पर लेटे आम इंसान को क्या-क्या सहना पड़ सकता है ?”
बाबुल सुप्रियो ने की कानूनी कार्यवाही की मांग
गायक और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो को लगता है कि प्राइवेसी के इस उल्लंघन को कानूनी रूप से दंडित किया जाना चाहिए । “मुझे इस बात का अंदाजा तो नहीं कि हम उसे गिरफ़्तार कर पाएंगे । मोबाइल फ़ोन ने जीवन की प्राइवेसी को दूषित कर दिया है । न केवल वह, बल्कि इस वीडियो में दिखने वाले अन्य वॉर्ड बॉयज, जिन्होंने उसे ऐसा अनैतिक काम करते हुए नहीं रोका, वह भी सजा के हकदार हैं ।
हॉस्पिटल में ऐसे घिनौने काम के लिए सख्त जीरो टोलरेंस पॉलिसी होनी चाहिए, साथ ही ऐसे वॉर्ड बॉयज को हमेशा हमेशा के लिए बर्खास्त कर देना चाहिए । इस घटना के लिए जिम्मेदार उक्त वॉर्ड बॉय को तुरंत ही बिना वेतन के एक महीने के लिए निलंबित किया जाना चाहिए । और उसके बाद उसे अस्पताल के ऑफ़िस में स्थानांतरित कर दिया जाना चाहिए । वह ICU या मेडिकल वॉर्ड में काम करने लायक नहीं है ।”
यह भी पढ़ें : PICTURES: ॠषि कपूर के पार्थिव शरीर को देख नीतू कपूर, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे
ऋषि के फ़ैंस और दोस्तों ने, आखिरी सांस लेते हुए व्यक्ति की प्राइवेसी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ़ सख्ती से कानूनी कार्यवाही की मांग़ की है ।
















