अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर सैयारा इस शुक्रवार, 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है — इसका श्रेय जाता है इसके इमोशनल ट्रेलर, चार्टबस्टर म्यूज़िक और मोहित सूरी व यशराज फिल्म्स की खास जोड़ी को। अब जबकि फिल्म का सेंसर प्रोसेस भी पूरा हो चुका है, बॉलीवुड हंगामा को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार, CBFC (सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन) ने फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट के साथ पास किया है, लेकिन कुछ बदलावों के निर्देश भी दिए हैं ।

सैयारा से इंटीमेट सीन हटाए
चार जगहों पर आपत्तिजनक शब्दों को हटाकर 'उचित' शब्दों से बदला गया। हालांकि, रिपोर्ट में ये स्पष्ट नहीं किया गया कि असल शब्द क्या थे या उन्हें किससे बदला गया। 10 सेकंड की इंटीमेट या बॉडी एक्सपोज़र से जुड़ी विजुअल्स हटाकर कुछ और सीन्स से रिप्लेस करने को कहा गया। जहां भी दो-पहिया वाहन दिखाए गए हैं, वहां एक स्टैटिक हेलमेट सेफ्टी डिस्क्लेमर जोड़ने का निर्देश दिया गया।
इन सभी बदलावों के बाद फिल्म को सर्टिफिकेट सौंप दिया गया है। सेंसर सर्टिफिकेट पर दर्ज फिल्म की लंबाई 156.50 मिनट है, यानी कुल 2 घंटे 36 मिनट और 50 सेकंड की यह फिल्म होगी।
गौरतलब है कि यह लगातार दूसरा हफ्ता है जब किसी फिल्म के सेंसुअल सीन्स सेंसर बोर्ड के निशाने पर आए हैं। पिछले हफ्ते रिलीज़ हुई सुपरमैन को U/A 13+ सर्टिफिकेट दिया गया था, लेकिन उसमें दो अलग-अलग सीन्स से कुल 33 सेकंड की इंटीमेट फुटेज हटाने को कहा गया था। बॉलीवुड हंगामा ने ही सबसे पहले ये खबर ब्रेक की थी, जिसने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया था — यहां तक कि वेस्टर्न मीडिया और ग्लोबल फैन्स के बीच भी ये चर्चा में रहा।
फिलहाल सैयारा एक शानदार ओपनिंग की ओर बढ़ती नजर आ रही है। अगर ट्रेंड्स बरकरार रहे तो फिल्म डबल डिजिट ओपनिंग भी दर्ज कर सकती है। बुधवार सुबह तक, फिल्म ने नेशनल चेन्स में कुल 45,000 टिकटें बेच दी हैं —जिसमें PVR Inox में 33,500 टिकटें, Cinepolis में 11,500 टिकटें और MovieMax चेन्स में 2,059 टिकटें बेची गई हैं ।
यह आंकड़े दिखाते हैं कि सैयारा न केवल सेंसर कट्स के बाद भी चर्चा में बनी हुई है, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी सरप्राइज एंट्री लेने को तैयार है।
















