सलमान खान इन दिनों अपनी अगली बड़ी फिल्म बैटल ऑफ गलवान को लेकर चर्चा में हैं। सिकंदर (2025) के बाद यह उनकी अगली मेगा बजट फिल्म होगी, जिसमें सलमान एक वॉरियर के अवतार में नजर आएंगे । फिल्म के पहले लुक को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और अब इंडस्ट्री, ट्रेड और फैन्स की निगाहें इसकी रिलीज डेट पर टिकी हैं । चूंकि सलमान खान की ज्यादातर फिल्में ईद पर रिलीज होती हैं, ऐसे में सवाल उठ रहा है – क्या बैटल ऑफ गलवान भी ईद 2026 पर आएगी ? तो अब इसका जवाब बॉलीवुड हंगामा लेकर आया है ।

बैटल ऑफ गलवान की रिलीज किसी फ़ेस्टिवल की मोहताज नहीं
एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “फिल्म के मेकर्स फिलहाल ईद रिलीज का प्लान नहीं कर रहे हैं क्योंकि 19 मार्च 2026 को पहले से ही तीन बड़ी फिल्में लाइन में हैं – यश की टॉक्सिक, कॉमेडी फिल्म धमाल 4, और संजय लीला भंसाली की इंटेंस रोमांटिक ड्रामा लव एंड वॉर, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल लीड रोल में हैं। हो सकता है लव एंड वॉर तैयार न हो पाए, लेकिन बाकी दो फिल्में पहले से स्लॉट में हैं। सलमान इस तरह के मामलों में काफी फेयर रहते हैं, इसलिए उन्होंने बैटल ऑफ गलवान को फिलहाल ईद रिलीज के तौर पर अनाउंस नहीं किया है।”
सूत्र ने आगे बताया, “अभी दो महीने शॉर्टलिस्ट किए गए हैं – जनवरी और जून। इन दोनों महीनों के बीच काफी भीड़भाड़ है और फरवरी के तीसरे हफ्ते से रमज़ान का महीना भी शुरू हो जाएगा। इसलिए या तो जनवरी या जून की खिड़की को टारगेट किया जा रहा है। एक बार फैसला फाइनल हो गया, तो ऑफिशियल अनाउंसमेंट कर दी जाएगी।”
एक अन्य सूत्र ने खुलासा किया, “फिल्म की शूटिंग करीब 55-60 दिनों में पूरी करने की प्लानिंग है। ऐसे में जनवरी की रिलीज संभव है, हालांकि इसमें अब सिर्फ 6 महीने ही बचे हैं। अगर पोस्ट-प्रोडक्शन में वक्त ज्यादा लगा, तो फिर जून को फाइनल किया जाएगा।”
तो क्या बकरी ईद पर नहीं आ सकती फिल्म ? इस पर दूसरे सूत्र ने कहा, “बकरी ईद 2026 में 27 मई को है, लेकिन उसी दौरान आईपीएल का फिनाले भी है, जो 31 मई को होगा। ऐसे में टीम इस दौरान फिल्म लाने के मूड में नहीं दिख रही है। वैसे भी सलमान खान ऐसे स्टार हैं जिन्हें फेस्टिवल या हॉलिडे रिलीज की ज़रूरत नहीं होती। अगर फिल्म कंटेंट से दमदार है और सलमान का दमदार अवतार नजर आए, तो बैटल ऑफ गलवान किसी भी तारीख को हिट हो सकती है।”
कुल मिलाकर, सलमान खान की बैटल ऑफ गलवान को लेकर फैन्स की उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म जनवरी या जून 2026 में रिलीज हो सकती है, लेकिन अब ये देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स किस तारीख को फाइनल करते हैं।
















