सेंसर बोर्ड यानी सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) अक्सर फिल्मों में कई कट्स लगाने या डायलॉग्स और सीन में बदलाव करने के लिए जाना जाता है। यहां तक कि फैमिली एंटरटेनर फिल्मों को भी इस प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। लेकिन इस बार एक सुखद अपवाद देखने को मिला है दे दे प्यार दे 2 को सेंसर बोर्ड ने बिना किसी कट के पास कर दिया है।

दे दे प्यार दे 2 को ग्रीन सिग्नल
सूत्रों के मुताबिक, अजय देवगन, आर. माधवन और रकुल प्रीत सिंह स्टारर इस फिल्म को CBFC की एग्ज़ामिनिंग कमेटी ने जैसा है वैसा ही पास किया है। फिल्म को U/A 13+ सर्टिफिकेट मिला है और यह प्रक्रिया 6 नवंबर को पूरी की गई। सेंसर सर्टिफिकेट के अनुसार फिल्म की लंबाई 147.10 मिनट (2 घंटे 27 मिनट 10 सेकंड) है। दे दे प्यार दे 2 14 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
यह फिल्म 2019 में आई ‘दे दे प्यार दे’ का सीक्वल है, जिसमें अजय देवगन, तब्बू और रकुल प्रीत सिंह नजर आए थे। दिलचस्प बात यह है कि पहली फिल्म को सेंसर बोर्ड से कई कट्स के बाद ही पास किया गया था। उस वक्त CBFC ने रकुल प्रीत सिंह के हाथ में शराब की बोतल वाले शॉट को हटवाकर उसकी जगह फूलों वाला सीन डालने को कहा था। इसके अलावा, डबल मीनिंग वाले दो डायलॉग्स में भी बदलाव करवाया गया था।

दे दे प्यार दे 2 नवंबर महीने की दूसरी ऐसी फिल्म बनी है, जिसे बिना किसी कट के पास किया गया है। इससे पहले इमरान हाशमी और यामी गौतम स्टारर हक़ को भी CBFC से U/A 13+ सर्टिफिकेट मिला था। शाह बानो केस पर आधारित इस संवेदनशील विषय वाली फिल्म की लंबाई 136 मिनट (2 घंटे 16 मिनट) है और इसे 28 अक्टूबर को सेंसर सर्टिफिकेट मिला था। फिल्म 7 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी।
















