
बॉलीवुड की नंबर वन हीरोइन बन चुकी दीपिका पादुकोण जल्द ही अपना हॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं । दीपिका पादुकोण की पहली हॉलीवुड फ़िल्म 'ट्रिपल एक्स; द रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज' 17 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । अभिनय में अपना लोहा मनवा चुकी दीपिका पादुकोण अब अपने करियर की अगली पारी शुरू करने जा रही हैं । हमने सुना है कि दीपिका खुद की प्रोडक्शन कंपनी शुरू कर रही हैं जो उनकी सफ़लता को एक नए पड़ाव पर ले जाएगी ।
सूत्रों के मुताबिक, दीपिका पादुकोण अपना प्रोडक्शन हाउस खोलने के लिए बहुत बेकरार है । दीपिका इन दिनों अपने करियर की बहुत ऊंचे पायदान पर हैं और अब फ़िल्म बनाने के क्षेत्र में अपना भाग्य आजमाना चाहती हैं । हमने तो ये भी सुना है कि दीपिका, एंजेलीना जोली की एक्शन फिल्म लारा क्रोफ़्ट, जो कि ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी, के हिंदी वर्जन को प्रोड्यूस करेंगी । बहरहाल अभी दीपिका स्क्रिप्ट पर काम कर रही हैं और जैसे ही कोई अच्छी स्क्रिप्ट हाथ लगेगी, वैसे ही दीपिका इसके बारे में घोषणा कर देंगी ।
दीपिका पादुकोण अपनी पहली हॉलीवुड फ़िल्म 'ट्रिपल एक्स; द रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज' में हॉलीवुड स्टार विन डीजल, सैमुअल एल जैक्सन, रूबी रोज और नीना के साथ नजर आएंगी । यह फ़िल्म दुनियाभर में साल 2017 में रिलीज होगी । इसके बाद दीपिका संजय लीला भंसाली की आगामी फ़िल्म रानी पद्मावती में नजर आएंगी ।
















