927147350

बॉलीवुड से लेकर हॉलिवुड तक अपनी ऐक्टिंग का लोहा मनवा चुकीं एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण, दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली अभिनेत्रियों में शामिल हो गई हैं । बॉलीवुड में एक के बाद एक हिट फ़िल्में देने और हॉलीवुड प्रोजेक्ट के चलते दीपिका पादुकोण दुनिया में सबसे ज्यादा मेहनताना पाने वाली अभिनेत्रियों में शुमार हो गई हैं । फोर्ब्स मैगजीन की मंगलवार को जारी सूची में दीपिका पादुकोण दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली अभिनेत्रियों में 10वें नंबर पर हैं ।

पिछली बार संजय लीला भंसाली की शानदार फ़िल्म बाजीराव मस्तानी में नजर आईं दीपिका पादुकोण बॉलीवुड और हॉलीवुड के फ़िल्मों के अलावा कई बड़े विज्ञापन भी कर रहीं हैं । फ़ोब्र्स की इस सूची में दीपिका पादुकोण की एकमात्र नई एंट्री है । अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहीं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की इस साल की कमाई 10 मिलियन डॉलर आंकी गई है ।

फोर्ब्स की इस लिस्ट में एक बार फ़िर हॉलीवुड अभिनेत्री जेनिफर लॉरेंस को साल 2016 में दुनिया में सबसे ज्यादा मेहनताना पाने वाली अभिनेत्री बताया गया । लॉरेंस लगातार दूसरे साल इस लिस्ट में शीर्ष पर हैं । लॉरेंस की इस साल की कमाई 46 मिलियन डॉलर रही । इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर मकार्थी हैं, जिनकी पिछले साल की कमाई 33 मिलियन डॉलर आंकी गई है । वहीं फिल्म कैप्टन अमेरिका : सिविल वॉर्स की वंडर विमेन स्कार्लेट जोहानसन 25 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं । 2015 की तुलना में उनकी कमाई में 30 फीसदी की गिरावट आई है ।

दीपिका पादुकोण जल्द ही हॉलीवुड फ़िल्म ट्रिपल एक्स : रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज में विन डीजल के साथ नजर आएंगी । एक्शन एडवेंचर इस फ़िल्म में दीपिका के साथ नीना, रूबी रोज और सैमुअल एल जैक्सन भी नजर आएंगे और यह फ़िल्म 20 जनवरी 2017 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।