927019268

आगामी फ़िल्म बरेली की बर्फ़ी में आयुष्मान खुराना कृति सैनॉन और राजकुमार राव रोमांटिक कॉमेडी करते हुए नजर आएंगे । फ़िल्म निल बटे सन्नाटा से खूब वाहवाही बटोरने के बाद फ़िल्ममेकर अश्विनी अय्यर तिवारी ने रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म बनाने का फ़ैसला किया है और इसलिए वो बरेली की बर्फ़ी नाम की फ़िल्म बना रही हैं । फ़िल्म की कहानी उत्तरप्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी जहां आजाद ख्यालों की जिंदादिल लड़की कृति सैनॉन रहती है । फ़िल्म में जहां एक तरफ़ कृति आगे की सोच रखने वाली लड़की का किरदार निभा रहीं हैं वही दूसरी तरफ़ आयुष्मान खुराना एक प्रिंटिंग प्रेस के मालिक का किरदार निभा रहे हैं और राजकुमार राव एक लेखक का किरदार अदा करेंगे ।

बीआर स्टूडियो और जंगली पिक्चर्स द्दारा प्रोड्यूस फ़िल्म बरेली की बर्फ़ी में कृति यूपी में एक मिठाई की दुकान की मालकिन हैं, जैसा की फ़िल्म के शीर्षक से पता चलता है । फ़िलहाल फ़िल्म की कास्ट फ़िल्म की तैयारियों में जुटी हुई है और फ़िल्म के लिए वर्कशॉप में शामिल हो रही है । और इन सबके बाद अक्टूबर के पहले हफ़्ते में फ़िल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी ।

गौरतलब है कि कृति सैनॉन ने हाल ही में अपनी आगामी रोमांटिक ड्रामा फ़िल्म राब्ता की शूटिंग खत्म की है । आयुष्मान खुराना जल्द ही यशराज फ़िल्म्स की आगामी फ़िल्म मेरी प्यारी बिंदु में नजर आएंगे । राजकुमार राव फ़िल्ममेकर हंसल मेहता की अलीगढ़ फ़िल्म में नजर आए थे ।