सलमान खान का 'प्रेम' किरदार आज भी लोगों के जहन में जिंदा है और खुद सलमान के लिए भी उनका ये किरदार बहुत खास है । अपने प्रोडक्शन हाउस राजश्री प्रोडक्शन्स के तहत फ़िल्ममेकर सूरज बड़जात्या ने अपनी ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों जैसे मैंने प्यार किया, हम आपके हैं कौन, हम साथ साथ हैं और प्रेम रतन धन पायो जैसी फ़िल्मों में सलमान खान के 'प्रेम' किरदार को यादगार बना दिया । और तभी से सलमान के फ़ैंस उनके इस किरदार को पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित है । तो हम सलमान खान के फ़ैंस के लिए एक अच्छी खबर लेकर आए हैं कि सलमान एक बार फ़िर सूरज बड़जात्या के लिए फ़िल्मी पर्दे पर प्रेम बनकर लौटेंगे ।

CONFIRMED! सूरज बड़जात्या के लिए 'प्रेम' बनकर फ़िर लौटेंगे सलमान खान

सूरज बड़जात्या की फ़िल्म की तैयारी सलमान खान मार्च से शुरू कर देंगे

सुनने में आया है सलमान राजश्री प्रोडक्शन्स के तहत बनने वाली इस फ़िल्म में विन्रम, सभ्य और संस्कारी प्रेम के किरदार में ही नजर आएंगे । सलमान इस फ़िल्म के लिए तैयारी मार्च से शुरू करेंगे और इसकी शूटिंग अगले साल से शुरू होगी । बड़जात्या की इस फ़िल्म में इमोशन, ड्रामा और रोमांस जैसे सभी तत्व मौजूद होंगे । बहरहाल सूरज और सलमान का प्रेम रतन धन पाओ के बाद तीन साल बाद फ़िर से एक साथ आना, यकीनन उनके फ़ैंस को उत्साहित कर रहा है । फ़िलहाल सूरज बड़जात्या अपने बेटे अवनीश, जो जल्द ही निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहा है, को प्रमोट करने में व्यस्त है ।

फ़ैमिली ड्रामा फ़िल्म होगी ये

सूरज ने इस खबर की पुष्टि की है कि सलमान ने उन्हें यह आश्वासन दिया है कि जैसे ही उनकी फ़िल्म की स्क्रिप्ट तैयार होती है वह जरूर जल्द से जल्द उस फ़िल्म को करेंगे । सूरज ने आगे यह भी उल्लेख किया कि क्योंकि सलमान पारिवारिक फ़िल्मों की शैली के साथ सहज हैं इसलिए उन्हें फ़िर से करने में कोई ऐतराज नहीं है । पारिवारिक फ़िल्मों में भी अभी तक ऐसे कई पहलू हैं जिन्हें बताया जाना आवश्यक है । अब ये देखना दिलचस्प होगा कि सूरज की इस फ़िल्म में सलमान के साथ रोमांस करने का मौका किसे मिलेगा ।

यह भी पढ़ें : सलमान खान - सूरज बड़जात्या के बीच की बॉंडिंग सिनेमा के भी परे है

बता दें कि सलमान इन दिनों अली अब्बास जफ़र के साथ भारत की शूटिंग कर रहे है । इस फ़िल्म में सलमान पांच अलग-अलग अवतारों में नजर आएंगे । इस फ़िल्म में एक बार फ़िर उनकी जोड़ी कैटरीना कैफ़ के साथ नजर आएगी । क्योंकि सलमान की पिछली फ़िल्में ट्यूबलाइट और रेस 3, बॉक्सऑफ़िस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई इसलिए भारत उनके लिए बहुत खास है । उम्मीद है भारत उनके लिए ब्लॉकबस्टर साबित हो ।