
आशुतोष गोवारिकर की बहुप्रतिक्षित फ़िल्म मोहेंजो दारो जैसे-जैसे रिलीज की तरफ़ कदम बढ़ा रही है वैसे-वैसे इस फ़िल्म के लिए उत्सुकता बढ़ती जा रही है । फ़िल्म से जुड़ी नवीनतम जानकारी यह है कि सेंसर बोर्ड ने आशुतोष की फ़िल्म मोहेंजो दारो को यू / ए प्रमाण पत्र के साथ किसी भी कटौती के बिना रिलीज करने का प्रमाण पत्र दे दिया है । गौरतलब है कि मोहेंजो दारो में मुख्य कलाकारों , ह्रितिक रोशन और पूजा हेगड़े के बीच तीन भावुक चुंबन दृश्य हैं ,जो फिल्म में बरकरार रखे गए हैं ।
सेंसर बोर्ड से प्रमाण पत्र मिलने पर ह्रितिक रोशन ने कहा कि, उन्हें इस फिल्म में किसी भी कटौती की उम्मीद नहीं थी । उन्होंने फ़िल्म में चुंबन दृश्य को शुद्ध प्रेम की अभिव्यक्ति करार दिया ।
मोहेंजो दारो एक पीरियड ड्रामा फ़िल्म है जिसे आशुतोष गोवारिकर ने निर्देशित किया है । इस फ़िल्म में ह्रितिक रोशन और पूजा हेगड़े के अलावा कबीर वेदी, अरुणोदय सिंह और कई अन्य कलाकार नजर आएंगे । यह फ़िल्म इस साल 12 अगस्त को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी ।
















