सलमान खान इन दिनों अबू धाबी में अपनी आगामी फ़िल्म रेस 3 की शूटिंग में व्यस्त है । फ़िल्म की शूटिंग अप्रैल के पहले हफ़्ते तक खत्म हो जाने की उम्मीद है । इसके बाद सलमान खान वापस मुंबई लौट आएंगे । और इसके बाद सलमान खान निर्देशक प्रभु देवा से अपनी आगामी फ़िल्म दबंग 3 की कहानी को सुनने के लिए पूरी तरह से तैयार है । भले ही दबंग 3 की शूटिंग अभी शुरू नहीं हुई है लेकिन फ़िल्म की रिलीज डेट का ऐलान पहले ही हो गया है । और हमने सुना है कि ये फ़िल्म अगले साल गणतंत्र दिवस के मौके पर अभिनेता ॠतिक रोशन की बायोपिक फ़िल्म सुपर 30 से बॉक्सऑफ़िस पर टकराएगी ।

सलमान खान की दबंग 3 से होगी सुपर 30 की भिड़ंत
सूत्रों के मुताबिक, दबंग 3 के 25 जनवरी 2019 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है । क्योंकि फ़िलहाल सलमान रेस 3, की शूटिंग में व्यस्त हैं इसलिए दबंग 3 की शूटिंग अभी शुरू नहीं हो पाई है । पहले खबर आई थी सलमान अभिनीत दबंग 3 इसी साल दिसंबर के दौरान रिलीज होगी । और अब सुनने में आ रहा है कि दबंग 3 अगले साल 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, और एक बार फ़िर ॠतिक को अपनी फ़िल्म सुपर 30 के लिए बड़ा मुकाबला मिलने वाला है । क्योंकि ॠतिक रोशन अभिनीत सुपर 30 भी 25 जनवरी 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
पहले भी ॠतिक को मिल चुकी है कड़ी टक्कर
ऐसा पहली बार नहीं है जब ॠतिक को बॉक्सऑफ़िस पर किसी बड़ी फ़िल्म से कड़ी टक्कर मिल रही हो । इससे पहले ॠतिक की काबिल को शाहरुख खान की रईस से कड़ी टक्कर मिली थी । और इस कड़ी टक्कर की वजह से दोनों ही फ़िल्मों के बॉक्सऑफ़िस कलेक्शन पर काफ़ी नेगेटिव असर पड़ा था । और अब सलमान की दबंग 3 की रिलीज डेट ॠतिक की सुपर 30 से टकरा रही है । ऐसे में अब तो ये समय ही बताएगा कि क्या मेकर्स किसी भी तरह के नुकसान से बचने के लिए अपनी-अपनी फ़िल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाते हैं या नहीं ।
वैसे सलमान के पास आगामी समय में फ़िल्मों की काफ़ी बडी लाइन है । रेस 3, के बाद सलमान अपने टीवी शो दस का दम की शुरूआत करेंगे । इसके अलावा उन्होंने अपनी एक और आगामी फ़िल्म भारत, जिसे अली अब्बास जफ़र द्दारा बनाया जा रहा है, की तैयारी तो पहले ही शुरू कर दी है ।
यह भी पढ़ें : दबंग 3 में भी सोनाक्षी सिन्हा लौटेंगी रज्जो बनकर, ये रही डिटेल
आपको बता दें कि ॠतिक अभिनीत सुपर 30, गणित के जादूगर आनंद कुमार की जिंदगी पर आधारित है । इस फ़िल्म की शूटिंग इसी साल सरस्वती पूजा उत्सव के दौरान शुरू हुई थी । इस फ़िल्म में ॠतिक आनंद कुमार का किरदार निभा रहे है और इस किरदार के लिए अभिनेता ने काफ़ी ट्रांसफ़ोरमेशन किया है । फ़ैंटम फ़िल्म्स और रिलायंस एंटरटेनमेंट द्दारा प्रोड्यूस इस फ़िल्म को विकास बहल द्दारा निर्देशित किया जा रहा है । गौरतलब है कि यह फ़िल्म पटना के निवासी गणितज्ञ आनंद कुमार, जो 30 होनहार लेकिन आर्थिक रूप से पिछड़े बच्चो को कम पैसों में आईआईटी की प्रवेश परीक्षा आईआईटी-जेईई के लिए तैयार करते है, के इर्द-गिर्द घूमती है । यह फ़िल्म साल 25 जनवरी 2019 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी ।
















