हेट स्टोरी 4 अभिनेत्री उर्वशी रौतेला हाल ही में एक धोखे का शिकार हो गई है । एक फाइव स्टार होटल में कमरा बुक करने के लिए उर्वशी रौतेला के नाम के फेक आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया है । और जब उर्वशी रौतेला को इस बात का पता चला तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और इसके खिलाफ़ शिकायत दर्ज कराई ।

उर्वशी रौतेला के नाम का उठाया गलत फ़ायदा
दरअसल, उर्वशी बांद्रा के एक फाइव स्टार होटल में एक इवेंट के लिए पहुंची थीं, जहां होटल के ही एक कर्मचारी ने उर्वशी रौतेला को उनके नाम के कमरे की बुकिंग की जानकारी दी । सूत्रों के मुताबिक, जब मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे उर्वशी से कमरे की हुई बुकिंग के बारे में बात की गई तो उन्होंने इस बात से साफ तौर पर इनकार कर दिया । जिसके बाद तुरंत ही उर्वशी ने इस बात की जानकारी ली और पूरी डीटेल्स निकाली जिससे ये पता चला कि होटल के कमरे को ऑनलाइन बुक कराया गया है ।इसके बाद, उर्वशी ने आनन-फ़ानन में इस शिकायत को दर्ज कराई ।
परमजीत सिंह दहिया, जोन 9 के डीसीपी ने इस घटनाक्रम की पुष्टि की है । इस मामले की तफ़्तीश की जा रही है । हालिया खबरों के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता धारा 420 के अलावा आईटी एक्ट के संबंधित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है । इसके अलावा, हमने सुना है कि जांच में आईपी एड्रेस की छानबीन की जा रही है ताकि इस बात की जानकारी मिल सके कि ये बुकिंग आखिर कहां से की गई है ।
यह भी पढ़ें : उर्वशी रौतेला का बोल्ड बिकिनी लुक आपके मन को ललचा देगा
फ़िल्मों की बात करें तो, उर्वशी पिछली बार हेट स्टोरी 4, में नजर आई थी । और उर्वशी ने अभी तक अपनी आगामी फ़िल्म का ऐलान नहीं किया है ।
















