इस बात को एक अर्सा बीत गया जब टाइगर श्रॉफ़ को उनकी सुपरहिट फ़िल्म बागी की दूसरी किश्त बागी 2 के लिए चुना गया । जब से फ़िल्म का ऐलान हुआ है तब से इस फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री के नाम को लेकर तमाम तरह की अटकले लगाईं जा रही थी । लेकिन अब सभी नामों को पीछे छोड़ते हुए दिशा पटनी को इस फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री के तौर पर चुना गया है ।

निर्माता साजिद नडियाडवाला ने आखिरकार फ़िल्म की लीडिंग लेडी के बारें तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए दिशा पटनी को फ़िल्म के लिए साइन किया है । साजिद के अनुसार, वह इस फ़िल्म में किसी फ़्रेश जोड़ी को चाहते थे । उनकी निर्विवाद कैमिस्ट्री की बात करते हुए साजिद ने बताया किया कि ऑनस्क्रीन टाइगर और दिशा की शानदार कैमिस्ट्री देखी गई और ये लुक टेस्ट के दौरान साबित हुआ । उन्हें इस रोल के लिए दिशा बिल्कुल परफ़ेक्ट लगती हैं ।

इसके लिए टाइगर श्रॉफ़ हॉंग कॉंग में टोनी चिंग के निर्देशन में एक महीने की मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग लेंगे । और इसके लिए टाइगर श्रॉफ़ जुलाई में रवाना होंगे । इस दौरान वह चीनी मार्शल आर्ट की कई शैलियों जैसे-वुशु -बैक मेई, चॉ ली फट और विंग चुन शैलियां सीखेंगे ।

बागी 2 को अहमद खान द्दारा निर्देशित किया जाएगा और इस फ़िल्म को अप्रैल 2018 में रिलीज करने की योजना है । इस फ़िल्म का पहला भाग सब्बीर खान द्दारा निर्देशित किया गया था जिसमें टाइगर श्रॉफ़ के साथ श्रद्दा कपूर नजर आईं थी ।