अगस्त का महीना शुरू हो चुका है और सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म कुली की रिलीज़ में अब महज दो हफ्तों से भी कम का वक्त बचा है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि यह पहली बार है जब रजनीकांत और ब्लॉकबस्टर निर्देशक लोकेश कनगराज की जोड़ी साथ आ रही है। इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है — सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने कुली को ‘A’ (एडल्ट) सर्टिफिकेट दे दिया है। यह जानकारी फिल्म के निर्माता सन पिक्चर्स ने आज शाम 6 बजे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की।

BREAKING: रजनीकांत की 36 साल में पहली 'A' रेटेड फिल्म बनी कुली ; CBFC ने दिया एडल्ट सर्टिफिकेट

रजनीकांत की कुली को मिला ‘A’ सर्टिफिकेट

यह जानना दिलचस्प है कि बीते 36 वर्षों में रजनीकांत की किसी भी फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट नहीं मिला था। उनके ज्यादातर प्रोजेक्ट्स हर आयु वर्ग के दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहे हैं। हालांकि 1980 के दशक में उनकी कुछ फिल्मों जैसे 'पुथुकविताई' (1982), 'रंगा' (1982), 'नान सिगप्पु मानवन' (1985), 'नेत्रिक्कन' (1981) आदि को एडल्ट रेटिंग दी गई थी।

उनकी आखिरी ‘A’ सर्टिफिकेट वाली फिल्म शिवा (1989) थी। यानी कुली रजनीकांत की 36 साल बाद पहली एडल्ट फिल्म बन गई है। वहीं, यह लोकेश कनगराज की भी पहली ‘A’ रेटेड फिल्म है।

कुली की टक्कर अब 14 अगस्त को रिलीज़ हो रही वॉर 2 से होगी, जिसमें ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर लीड रोल में हैं। हिंदी बेल्ट में ‘कूली’ की परफॉर्मेंस को लेकर अब सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि वहां ‘A’ सर्टिफिकेट वाली फिल्मों का कैनवास सीमित माना जाता है।

हालांकि एनिमल (2023) और कबीर सिंह (2019) जैसी फिल्मों की ब्लॉकबस्टर सफलता इस बात का प्रमाण है कि अगर कंटेंट दमदार हो, तो ‘A’ रेटिंग भी बॉक्स ऑफिस पर बाधा नहीं बनती।

कुली का मोस्ट अवेटेड ट्रेलर कल, यानी 2 अगस्त को रिलीज़ होगा। ट्रेलर से यह अंदाज़ा लगाया जा सकेगा कि फिल्म हिंदी भाषी दर्शकों के बीच कितनी पकड़ बना पाएगी।इस फिल्म में आमिर खान और नागार्जुन भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे, जिससे इसके पैन-इंडिया अपील को और मजबूती मिलती है।