प्रियंका चोपड़ा के फ़िल्म भारत को लास्ट मिनट में छोड़ने के फ़ैसले से लगता है सलमान खान अभी तक नाराज है । और प्रियंका को लेकर सलमान खान की ये नाराजगी कहीं न कहीं झलक ही जाती है । सलमान, जो इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म भारत के प्रमोशन में जी जान से जुटे हुए है, ने खुले तौर पर प्रियंका चोपड़ा पर, भारत की शूटिंग शुरू होने से 5 दिन पहले फिल्म में काम करने से इंकार करने पर निशाना साधा । बता दें कि प्रियंका भारत के साथ अपना बॉलीवुड कमबैक करने वाली थी लेकिन फ़िर निक जोनस के साथ शादी के चलते प्रियंका ने भारत में काम न करने का फ़ैसला किया । और बस यही बात सलमान और फ़िल्म की टीम को रास नहीं आई ।

सलमान खान को पसंद नहीं आया प्रियंका चोपड़ा का भारत छोड़ना
एक इंटरव्यू के दौरान जब सलमान से पूछा गया कि क्या उन्हें ऐसा लगता है कि प्रियंका इस फिल्म के किरदार के लिए सही नहीं थीं? इसके जवाब में सलमान ने कहा- ''ऐसा नहीं है, लेकिन पहले प्रियंका इस फिल्म में काम करने के लिए बहुत इच्छुक थीं लेकिन बाद में उन्होंने मना कर दिया । मैंने और अली अब्बास जफर, कैटरीना को लेने की ही सोच रहे थे लेकिन अली ने कहा कि उन्हें एक हिंदुस्तानी लड़की की तलाश है ।''
कैटरीना कैफ़ को वही मिला जिसकी वह हकदार थी
इसके बाद सलमान ने बताया, ''मैंने अली से कहा कि कैटरीना इस रोल के लिए क्यों सही नहीं हैं ? वे पिछले 20 सालों से इंडिया में रह रही हैं, लेकिन अली ने कहा कि उन्हें प्रियंका का फोन आया था ।"
''इसके बाद प्रियंका ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पांच दिन पहले फिल्म में काम करने से मना कर दिया । इस दौरान मैंने कहा कि हम दो तीन दिन एडजस्ट कर सकते हैं लेकिन उन्होंने मना कर दिया । उन्हें सोचना चाहिए था कि इससे हमें बुरा लग सकता है, खैर, उन्होंने वही किया जो वह चाहती थीं और कैटरीना को वही मिला जिसकी वह हकदार हैं ।"
सलमान यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि, 'प्रियंका फिल्म में तो नहीं हैं, लेकिन वो प्रमोशन में मदद कर सकती हैं, क्योंकि उन्हें भी फिल्म की स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई थी ।'
इससे पहले सलमान ने बॉलीवुड हंग़ामा के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में यह भी कहा था कि, 'प्रियंका चोपड़ा ने भारत के ऊपर USA को चुना । उन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत मेहनत की है । जब उन्हें उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी फिल्म मिली, तब उन्होंने उस फिल्म को ठुकराकर शादी कर ली । हैट्स ऑफ! ऐसी फिल्मों के लिए लड़कियां अपने पति छोड़ देती हैं ।'
इसके बाद सलमान ने प्रियंका के लिए कहा कि, 'शुक्रिया प्रियंका, कैटरीना को उनके करियर का बेस्ट रोल देने के लिए ।'
यह भी पढ़ें : VIDEO: कैटरीना कैफ को अभी तक बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड नहीं मिला इसलिए सलमान खान को फ़ेयर नहीं लगते अवॉर्ड शो
अली अब्बास जफ़र द्दारा निर्देशित फ़िल्म भारत 5 जून को ईद के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















