
सलेब्रिटी होने के जितने फ़ायदे हैं उतने नुकसान भी हैं । ऐसा कई बार होता है जब प्रशंसक अपने रोल मॉडल को प्रभावित करने के लिए कुछ अजीबोगरीब हरकत कर डालते हैं । हाल ही में, ऐसी ही कुछ अजीबोगरीब वारदात हुई अमिताभ बच्चन के साथ, जब उनका एक बिहारी प्रशंसक उन्हें करीब से गाना सुनाने के लिए उनके घर जलसा में जा घुसा ।
हर रविवार की दोपहर को भारी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ अमिताभ बच्चन के घर के बाहर उनकी एक झलक पाने के लिए जमा होती है । और अमिताभ भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं करते हैं और वे जब भी घर पर होते हैं तो बाहर निकलकर अपने प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं । लेकिन इसी भीड़ के बीच एक प्रशंसक जिसका नाम बुलेट बनवारीलाल यादव है जो कि मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में पुणे में रह रहा था और वह कुछ दिनों पहले ही बिहार से पुणे आया था, अमिताभ के घर जलसा की दीवार फ़ांद कर उनके घर में जा घुसा । लेकिन जैसे ही अमिताभ को इस बात का पता चला तो उन्होंने तुरंत सिक्योरिटी को बुला लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया । दरअसल खुद को गायक बताने वाला बनवारी अमिताभ बच्चन को करीब जाकर अपना गाना सुनाना चाहता था ।
बहरहाल, अमिताभ बच्चन के घर में घुसने के आरोप में उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है । फ़िलहाल पुलिस ने आरोपी को घुसपैठ के लिए आईपीसी की धारा 447 के तहत गिरफ्तार किया है और जुहू पुलिस को सौंप दिया गया । आरोपी शख्स को सोमवार को अदालत में पेश किया गया था ।
















