सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने दक्षिणी दिल्ली के गुलमोहर पार्क स्थित बंगले को बेच दिया है । इस घर को अमिताभ बच्चन का सबसे पहला घर बताया जा रहा है । मुंबई में शिफ्ट होने से पहले अमिताभ बच्चन अपने माता-पिता के साथ इसी घर में रहते थे । इस बंगले का नाम सोपान था जो अमिताभ की मां तेजी बच्चन के नाम रजिस्टर्ड था । इस घर से अमिताभ के बचपन की यादें जुड़ी हुई थी ।

अमिताभ बच्चन ने बेचा अपना पुश्तैनी घर
खबरों की मानें तो, अमिताभ ने दक्षिणी दिल्ली के अपने इस बंगले सोपान को 23 करोड़ रु में निजोन ग्रुप के सीईओ अवनी बदेर को बेचा है । अमिताभ के 418.05 स्क्वायर मीटर के इस घर की रजिस्ट्री 7 दिसंबर 2021 को अवनी के नाम कर दी गई थी । अवनी बदेर दिल्ली के गुलमोहर पार्क में स्थित अमिताभ बच्चन के घर को तोड़कर दोबारा से अपनी जरूरत के हिसाब से बनवाना चाहते हैं ।
मुंबई शिफ्ट होने से पहले बिग बी अपने माता-पिता के साथ इस घर में रहा करते थे । हरिवंश राय बच्चन 1980 तक सोपान में अपने पोएट्री सेशन होस्ट किया करते थे ।
2016 में सुजीत सरकार की फिल्म पिंक की शूटिंग के सिलसिले में अमिताभ दिल्ली आए थे । उस समय अमिताभ यहीं सोपान में रहे थे । उन्होने एक फोटो ट्वीट की थी, जिसमें लिखा कि पिता जी की कुर्सी पर बैठा हूं । चारो तरफ उनकी किताबें रखी हुई हैं । यहीं पिता ने अपनी आत्मकथा का आखिरी चैप्टर और कई अन्य कविताएं लिखी थी ।
















