अक्षय कुमार, जैकलीन फ़र्नांडीज और नुसरत भरूचा स्टारर राम सेतु की शूटिंग पूरी हो गई है । भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की जड़ों को टटोलने पर आधारित एक्शन-एडवेंचर ड्रामा फ़िल्म राम सेतु की शूटिंग खत्म होने की जानकारी अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी । राम सेतु में अक्षय कुमार एक आर्कियोलॉजिस्ट (पुरातत्वविद्) के किरदार में दिखाई देंगे । इसके लिए अक्षय ने अपने लुक में भी काफ़ी बदलाव किया है ।

अक्षय कुमार ने पूरी की राम सेतु की शूटिंग
राम सेतु की शूटिंग खत्म होने की जानकारी देते हुए अक्षय ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उनके साथ फ़िल्म की पूरी टीम नजर आ रही है । इस वीडियो को शेयर कर अक्षय ने लिखा, “मैने फिल्म बनते वक्त बहुत कुछ सीखा है, यह मानो फिरसे स्कूल जाने जैसा था । बड़ी मेहनत की है हम सबने, बस आपका प्यार चाहिए ?।”
वहीं इस वीडियो में अक्षय ने कहा कि, “आज मेरी फिल्म राम सेतु का आख़िरी दिन है । राम सेतु को बनाने के लिए वानर सेना लगी थी, और मेरी फिल्म राम सेतु को बनाने के लिए मेरी सेना ये है ।” फ़िल्म की टीम ने शूटिंग खत्म होने का जश्न मनाया ।
बता दें कि राम सेतु का मुहूर्त शॉट श्री रामनगरी अयोध्या में हुआ था । राम सेतु में अक्षय के साथ जैकलीन फर्नांडीज और नुसरत भरूचा भी मुख्य किरदार में नजर आयेंगी। अभिषेक शर्मा द्वारा लिखित और निर्देशित , केप ऑफ गुड फ़िल्म्स द्वारा प्रस्तुत, अरुणा भाटिया , विक्रम मल्होत्रा , अबंडनशीया एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस फिल्म के रचनात्मक निर्माता डॉ. चंद्रप्रकाश हैं ।
















