akkkkii

कुछ महीने पहले, अक्षय कुमार ने सूखाग्रस्त गांव को बहुत बड़ी रकम दान में दी । महाराष्ट्र में बढ़ती किसानों की आत्महत्या देश के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है । ऐसे में अक्षय ने आगे आकर मराठवाड़ा में सूखा राहत कोष के लिए 90 लाख रुपए दान किए ताकि उनके परिवार की कुछ मदद हो जाए ।

अब हमने सुना है कि अक्षय कुमार महाराष्ट्र राज्य के यवतमाल जिले के एक सूखाग्रस्त गांव को गोद लेने की योजना बना रहे हैं । महाराष्ट्र सरकार से मिले निर्देश के तहत कलेक्टर सचेन्द्र प्रताप सिंह ने चेतना अभियान परियोजना के निदेशक और रेजिडेंट जिला कलेक्टर (आरडीसी) राजेश खावले के प्रस्ताव पर दस्तखत किया । उनके अनुसार, अक्षय कुमार ने हाल ही में मुंबई में राज्य के वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार से मुलाकात की थी जहां उन्हें विशेष रूप से यवतमाल में विदर्भ में किसानों की बदतर हालत के बारे में जानकारी दी गई ।

उन्होंने कहा कि अक्षय ने किसानों की आत्महत्या की मार झेल रहे किसी गांव को गोद लेने की इच्छा जताई । सरकार ने इसके बाद जिला प्रशासन से कहा कि किसी गांव का नाम बताएं जहां सबसे ज्यादा संख्या में किसान खुदकुशी कर रहे हैं । इसी मुताबिक आरडीसी खावले ने पिम्परी बुट्टी गांव का नाम प्रस्तावित किया और कलेक्टर ने संबंधित फाइल को मंजूरी दे दी है जिसे आगे की कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को सौंपा जाएगा ।

हालांकि अक्षय कुमार अकेले ऐसे शख्स नहीं है जिसने पूरा का पूरा गांव ही गोद ले लिया हो । इससे पहले, आमिर खान और नाना पाटेकर ने भी गांव गोद लिए और उन्हें हर मुमकिन आर्थिक मदद मुहैया कराई ।