हिंदी सिनेमा को कई हिट फ़िल्में देने वाले फ़िल्ममेकर आनंद एल राय ने जब से अक्षय कुमार, धनुष और सारा अली खान के साथ अपनी अगली फ़िल्म अतरंगी रे का ऐलान किया है, तब से इस फ़िल्म को लेकर लोगों में प्रत्याशा बढ़ गई है । इस फ़िल्म में पहली बार धनुष और सारा अली खान की जोड़ी नजर आएगी । इस फ़िल्म की शूटिंग मार्च 2020 में शुरू हो चुकी थी । बनारस में फ़िल्म का पहला शेड्यूल शूट हुआ था । दूसरा शेड्यूल शुरू होता इससे पहले ही लॉकडाउन लग गया और फिल्म की शूटिंग बीच में ही रोक दी गई । लेकिन अब जबकि शूटिंग की इजाजत मिल चुकी है तो अतरंगी रे के मेकर्स ने फ़िल्म के दूसरे शेड्यूल की प्लानिंग शुरू कर दी है । फ़िल्म का दूसरा शेड्यूल अक्टूबर से मदुरै में शुरू होगा ।

अतरंगी रे में एक साथ नजर आएंगे अक्षय कुमार, सारा अली खान और धनुष
देश में बढ़ते कोरोना संक्रमितों की संख्या को देखते हुए, अतरंगी रे की शूटिंग फ़िर से शुरू करने के लिए मेकर्स सुरक्षा का पूरा ख्याल रखेंगे । मेकर्स ने दूसरे शेड्यूल की शूटिंग अक्टूबर से शुरू करने का फ़ैसला किया है । इसके लिए फ़िल्म की यूनिट अक्टूबर माह में तीन अलग-अलग जगह पर शूटिंग करेगी, जिसमें मदुरै, दिल्ली और मुंबई शामिल है । कहा जा रहा है कि, अक्षय कुमार के साथ दिल्ली और मुंबई का शेड्यूल एक महीने से अधिक समय तक जारी रहेगा ।
आनंद एल राय ने अपनी फिल्म अतरंगी रे के बारे में बताते हुए कहा, “इस लॉकडाउन में, मैंने अतरंगी रे के आने वाले शेड्यूल और उसकी तैयारियों के लिए काफी समय निकाला । मैं अक्टूबर में मदुरै में शूट होने वाले शेड्यूल के लिए बहुत उत्साहित हूं और फिर अक्षय कुमार के साथ दिल्ली और मुंबई में भी । जाहिर है कि सभी सुरक्षा सावधानियों को ध्यान में रखते हुए ।”
अक्षय का कभी न देखा गया अवतार
आनंद एल राय के निर्देशन में बन रही अतरंगी रे में अक्षय का ऐसा रोल दर्शकों को देखने को मिलेगा जो इससे पहले कभी नहीं देखा गया है । अक्षय ने अपने इस रोल के बारें में कहा था कि, “एक खास रोल, जिसके लिए मेरा दिल भी मना नहीं कर सका ।”
खबरों की मानें तो अतरंगी रे में सारा का डबल रोल होगा । और वह इसी के साथ अक्षय कुमार और धनुष के किरदारों के साथ दो अलग-अलग युगों में रोमांस करती नजर आएंगी । जहां सारा बिहारी लड़की का किरदार निभाएंग़ी वहीं धनुष दक्षिण भारतीय लड़के का किरदार निभाएंगे । यह फ़िल्म क्रॉस कल्चर लव स्टोरी पर बेस्ड होगी ।
यह भी पढ़ें : Scoop: रांझना स्टार धनुष की फ़िल्म में सारा अली खान बनेंग़ी देहाती बिहारी लड़की, बोलेंगी भोजपुरी
आनंद एल राय के निर्देशन में बनी, टी सीरीज, कलर येलो प्रोडक्शंस और केप ऑफ गुड फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत, अतरंगी रे अगले साल 2021 में वैलेंटाइन्स डे के मौके पर रिलीज होने की उम्मीद है ।
यह भी पढ़ें : Official Confirmed! आनंद एल राय की अतरंगी रे में सारा अली खान और धनुष के साथ अक्षय कुमार का भी होगा स्पेशल रोल
















