34 वर्षीय बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने घर में फ़ांसी लगाकर आत्महत्या कर ली । लेकिन सुशांत सिंह राजपूत का इस तरह सुसाइड करना कोई स्वीकार नहीं कर पा रहा है इसलिए कुछ बॉलीवुड सिलेब्रिटीज, फ़ैंस और कुछ राजनेताओं द्दारा लगातार इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की जा रही है । सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड की सीबीआई जांच को लेकर बीते दिनों पूर्व सांसद पप्पू यादव ने गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी थी । अमित शाह ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए लिखा कि मामला संबंधित मंत्रालय को भेज दिया गया है । और अब बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी की चिट्ठी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंच गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने चिट्ठी को स्वीकार कर लिया है । और अब उम्मीद लगाई जा रही है कि सुशांत की मौत की जांच अब सीबीआई कर सकती है ।

सुशांत सिंह राजपूत के रहस्यमई मौत की सीबीआई जांच की मांग
इस बात की जानकारी सुब्रमण्यम स्वामी के वकील ईशकरण सिंह भंडारी ने दी है । बता दें कि, सुब्रमण्यम स्वामी और दिल्ली के वकील ईशकरण भंडारी सुशांत मामले के हर पहलू पर नजर बनाए हैं । ईशकरण ने ट्वीट कर बताया है कि सीबीआई जांच की प्रधानमंत्री को लिखी चिट्ठी नरेंद्र मोदी तक पहुंच गई है और वह इस पर ध्यान दे रहे हैं । ईशकरण ने अपने ट्वीट में लिखा, “पीएम मोदी ने सुब्रमण्यम स्वामी की उस चिट्ठी को स्वीकार कर लिया है, जिसमें उन्होंने सुशांतकी रहस्यमई मौत की सीबीआई जांच की मांग की है ।”
इसी के साथ सुब्रमण्यम स्वामी ने सुझाव दिया है कि सभी लोग अपने-अपने सांसद को इस बारे में लिखें या फिर सोशल मीडिया पर टैग करें । उन्होंने अनुरोध किया है कि सभी लोग सुशांत मामले की सीबीआई जांच के लिए अनुरोध करें ।
हालांकि सुशांत सुसाइड मामले की जांच अभी मुंबई पुलिस कर रही है । इस मामले में पुलिस ने सुशांत से जुड़े अभी तक 40 लोगों से पूछताछ कर ली है । सुशांत के सुसाइड के हर एंगल की जांच कर रही पुलिस इस गुत्थी को जल्द से जल्द सुलझाने में लगी हुई है ।
यह भी पढ़ें : सुशांत सिंह राजपूत के करीबी दोस्त रूमी जाफ़री ने बताया कि डिप्रेशन के इलाज के लिए वह कई बार हॉस्पिटल में एडमिट हुए
14 जून को सुशांत ने अपने मुंबई के बांद्रा स्थित फ़्लैट में पंखे से लटकर जान दे दी । सुशांत की अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सुशांत की मौत फ़ांसी लगाने की वजह से दम घुटने से हुई । वहीं जांच में ये भी पता चला है कि सुशांत लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे ।
















