
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ फ़िल्म पिंक में नजर आने के बाद, अब तापसी पन्नू दिग्गज अभिनेता ॠषि कपूर के साथ आगामी फ़िल्म मुल्क में नजर आएंगी । पहले हमने आपको बताया था कि, निर्देशक-निर्माता अनुभव सिन्हा अपनी अगली फ़िल्म, जो कि सच्ची घटनाओं पर आधारित एक सामाजिक थ्रिलर फ़िल्म है, पर काम कर रहे हैं । और अब इस फ़िल्म को इसका नाम मिल गया है और वो है मुल्क, इस फ़िल्म की शूटिंग अक्टूबर से शुरु होगी ।
मुल्क में ऋषि कपूर और तापसी पन्नू के अलावा रजत कपूर, प्रतीक बब्बर जैसे कई दिग्गज कलाकार नजर आएंगे । यह फ़िल्म एक संयुक्त परिवार, जो भारत के एक छोटे से शहर से है, की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है जो एक विवाद में उलझे हुए होने के बाद अपने सम्मान को पुनः प्राप्त करने के लिए लड़ता है । इस फ़िल्म की शूटिंग वाराणसी और लखनऊ में की जाएगी और यह फ़िल्म अगले साल की शुरूआत में रिलीज होगी ।
अनुभव सिन्हा, जिसने अतीत में दस और कैश जैसी फ़िल्में निर्देशित की थी, करीब एक दशक के बाद मुल्क जैसी थ्रिलर शैली की फ़िल्मों में एंट्री ले रहे हैं । पटकथा लेखक-निर्माता मुश्ताक शेख, जो ओम शांति ओम, गुलाब गैंग, रा वन जैसी फ़िल्मों में अपने बेहतरीन काम के लिए जाने जाते हैं, मुल्क फ़िल्म के लिए निर्माण में सहयोग करेंगे । फिल्म संयुक्त रूप से अनुभव सिन्हा और मुश्ताक शेख द्वारा लिखा जाएगा ।
बेनार्स मीडिया वर्क्स के संस्थापक अनुभव सिन्हा ने कहा, "मैं 10 साल बाद थ्रिलर कर रहा हूं और अतीत में मैंने जो भी प्रयास किया है उससे यह काफी अलग होगा । इतने सालों बाद मैं अपनी जड़ों में लौट रहा हूं । यह मेरे होमटाउन को वापस देने का मेरा तरीका है और यह भावनात्मक रूप से संतोषजनक लगता है । फ़िल्म का प्लॉट सच्ची घटनाओं के इर्द गिर्द घूमता है । मैं अभी भी इसके लिए अन्य कलाकारों को खोज रहा हूं ।"
तापसी पन्नू इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म जुड़वा 2 की शूटिंग में व्यस्त हैं । इस फ़िलम में वह वरुण धवन और जैकलिन फर्नांडीस के साथ नजर आएंगी । यह फ़िल्म 29 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । जबकि ॠषि कपूर अमिताभ बच्चन के साथ फ़िल्म 102 नॉट आउट में नजर आएंगे और यह फ़िल्म इसी साल 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















