55 वर्षीय सलमान खान बॉलीवुड के उन चुनिंदा अभिनेता में से एक हैं जिनकी फ़िल्मों का इंतजार उनके फ़ैंस बेसब्री से करते हैं । बॉलीवुड सुपरस्टार कहे जाने वाले सलमान खान आज भी बॉलीवुड के सबसे डिमांडिंग अभिनेता हैं और हर कोई फ़िल्ममेकर उन्हें अपनी फ़िल्म में लेना चाहता है । आमिर ख़ान, शाहरुख ख़ान, अक्षय कुमार और अजय देवगन जैसे अपने समकालीन अभिनेताओं के साथ सलमान नब्बे के दशक से ही बॉक्स ऑफ़िस पर अपना दबदबा बनाए हुए हैं । आज की पीढ़ी के कलाकारों के सामने भी सलमान की फ़ैन फ़ोलोइंग कम नहीं हुई है । खुद सलमान खान ने भी अब इस बात को खुलकर कह दिया है कि उम्र भले ही 50 पार हो, लेकिन तीनों खान हों या अक्षय कुमार या फिर अजय देवगन, इन सुपरस्टार्स का जलवा अभी कायम रहने वाला है ।

सलमान खान का जलवा
हाल ही में मीडिया से हुई बातचीत में सलमान से जब पूछा गया कि ओटीटी के बढ़े प्रभाव को देखते हुए क्या यह कहना सही होगा कि 'सुपरस्टार्स के स्टारडम के युग' का अब अंत होने वाला है ? क्या सलमान खान और उनकी पीढ़ी के बाद कोई उन जैसा 'सुपरस्टार' नहीं बन पाएगा ? इसके जवाब में सलमान ने कहा कि, ऐसा नहीं होने वाला है । सलमान ने कहा कि एक जाएगा तो दूसरा आएगा। लेकिन हां, यंग ऐक्टर्स के लिए यह सब इतना आसान नहीं होने वाला है।
सलमान ने कहा, “ऐसा कुछ नहीं होने वाला । हम जाएंगे तो कोई और आ जाएगा । मुझे नहीं लगता कि स्टार्स और स्टारडम का दौर कभी खत्म होगा । यह कभी खत्म नहीं होने वाला, यह तो हमेशा रहेगा । हां, ये जरूर है कि आगे यह कई चीजों पर निर्भर करेगा । आपके फिल्मों का सेलेक्शन कैसा है, आप असल जिंदगी में कैसे हैं, यह सारी बातें अब बहुत मायने रखती हैं। कुल मिलाकर स्टारडम अब कई चीजों का पैकेज होगा। यंग जनरेशन के पास अपना सुपर स्टारडम होगा ।'
सलमान ने अपनी बात रखते हुए आगे कहा, 'मैं यह कई साल से सुन रहा हूं कि स्टार का जमाना खत्म हो गया कि ये अंतिम जनरेशन है। हम आज की यंग जनरेशन के लिए इतनी आसानी से सबकुछ छोड़ने वाले नहीं हैं । हम सब कुछ उनके हाथों में रखकर कहीं नहीं जाने वाले । मेहनत करो भाई, पचास प्लस में जब हमलोग मेहनत कर रहे हैं तो आप भी मेहनत करो ।'
वर्क फ़्रंट की बात करें तो सलमान की अंतिम- द फ़ाइनल ट्रूथ 26 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी । इस फ़िल्म में सलमान के अलावा आयुष शर्मा लीड रोल में नजर आएंगे ।
















