sunnybeat001

जब भी कोई फ़िल्म रिलीज होने को होती है वैसे ही पूरी फ़िल्म इंडस्ट्री एकजुट होकर उस फ़िल्म को प्रमोट करने में जुट जाती है । कॉरियोग्राफ़र/ निर्देशक रेमो डिसूजा की सुपरहीरो फ़िल्म ए फ़्लाइंग जट्ट, जिसमें टाइगर श्रॉफ़ और जैकलीन फ़र्नांडीस मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, की टीम ने फ़िल्म के प्रमोशन का एक नायाब तरीका निकाला है ।

फ़िल्म के कलाकारों ने हाल ही में सभी को फ़िल्म के गाने 'बीट पे बूटी' के लिए उनके तरीके से डांस करने के लिए चैलेंज दिया । कई बॉलीवुड हस्तियों ने इस चैलेंज को स्वीकार किया और इस गाने पर उनके तरीके से डांस कर सोशल मीडिया पर उस दिलचस्प वीडियो को शेयर किया । सभी सितारों के बीच सनी लियोन ने भी इस चैलेंज को स्वीकार किया और अपनी टीम के साथ बूट पे बूटी गाने पर अपने तरीके से डांस कर चैलेंज पूरा किया । सनी के इस मजेदार वीडियो पर फ़िल्म के हीरो टाइगर श्रॉफ़ ने सबसे पहले सनी का धन्यवाद किया और फ़िर एक क्लिप शेयर की जहां टाइगर सनी के हिट गाने बेबी डॉल पर डांस कर रहे हैं ।

टाइगर श्रॉफ़, जैकलीन फ़र्नांडीस अभिनीत फ़िल्म ए फ़्लाइंग जट्ट अगले हफ़्ते 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो जाएगी ।