भूषण कुमार और टी-सीरीज़ गर्व के साथ प्रस्तुत कर रहे हैं मिक्सटेप भक्ति का पहला एपिसोड सुपरहिट मिक्सटेप फ्रेंचाइज़ी का एक बिल्कुल नया अध्याय। अब तक मिक्सटेप ने लोकप्रिय गीतों को अनोखे मेडली और आत्मीय सहयोगों के ज़रिए नए रूप में पेश किया है, लेकिन इस बार यह प्रॉपर्टी पहली बार भक्ति संगीत की दुनिया में कदम रख रही है। मिक्सटेप भक्ति की शुरुआत हो रही है तुलसी कुमार और जया किशोरी के विशेष संगीतमय संगम के साथ।

माँ दुर्गा को समर्पित भावपूर्ण प्रस्तुति
मिक्सटेप भक्ति कालातीत आध्यात्मिकता को आधुनिक सुरों से जोड़ता है। इसमें भारत की प्रियतम आवाज़ें एक साथ आकर पारंपरिक भजनों को नए अंदाज़ में पुनर्जीवित करती हैं। आधुनिक संगीत संयोजन, भावनात्मक दृश्यों और परंपरा के प्रति गहरी श्रद्धा के साथ यह सीरीज़ पीढ़ी दर पीढ़ी श्रोताओं को जोड़ती है और भक्ति संगीत की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाती है। पहला एपिसोड इस आध्यात्मिक सफ़र की शुरुआत करता है तुलसी कुमार और जया किशोरी की दिव्य जुगलबंदी के साथ, जिन्होंने पहली बार साथ मिलकर दो लोकप्रिय माता भजनों – “आ माँ आ तुझे दिल ने पुकारा” और “प्यारा सजा है तेरा द्वार” – को प्रस्तुत किया है। माँ दुर्गा के प्रति समर्पण से भरा यह भावपूर्ण अर्पण पवित्रता, समर्पण और देवी ऊर्जा के उत्सव का प्रतीक है। लाल रंग में सजे दृश्य शक्ति, दिव्यता और शुभता का प्रतीक बनकर इस प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाते हैं। शक्तिशाली स्वर, गरिमामय प्रस्तुति और मनमोहक साउंड डिज़ाइन दर्शकों को श्रद्धा और आनंद के उस माहौल में ले जाते हैं, जो नवरात्रि की उत्सवधर्मिता के साथ पूरी तरह मेल खाता है।
अपने अनुभव को साझा करते हुए तुलसी कुमार ने कहा, “मिक्सटेप भक्ति का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास है। मेरा आध्यात्मिक संगीत से जुड़ाव बचपन से ही शुरू हो गया था, जब मैंने अपने पापा की भक्ति के ज़रिए इसकी शक्ति को महसूस किया था और वह एहसास आज तक मेरे साथ है। माँ दुर्गा की भक्ति में गाना हमेशा मेरे दिल को कृतज्ञता और सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। ‘आ माँ आ तुझे दिल ने पुकारा’ और ‘प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी’ वो भजन हैं जिन्हें मैं बचपन से सुनती आई हूँ, और उन्हें गाना मेरे लिए प्रार्थना, समर्पण और गहरे आध्यात्मिक जुड़ाव का अनुभव है।”
जया किशोरी ने कहा, “भक्ति संगीत हमेशा से दिल को सीधे भगवान से जोड़ने का माध्यम रहा है। मिक्सटेप भक्ति के माध्यम से हमने कोशिश की है कि माँ के ये पारंपरिक भजन आज की युवा पीढ़ी तक एक नए अंदाज़ में पहुँचें, बिना उनकी पवित्रता को बदले। मेरे लिए यह सहयोग बहुत ही व्यक्तिगत और आध्यात्मिक यात्रा रही है और मैं दिल से टी-सीरीज़ को धन्यवाद देती हूँ कि उन्होंने मुझे इसका हिस्सा बनने का अवसर दिया।”
तुलसी कुमार और जया किशोरी की आवाज़ों में सजा मिक्सटेप भक्ति का पहला एपिसोड आज से टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है। नवरात्रि की शुरुआत पर रिलीज़ हुआ यह एपिसोड न केवल एक संगीतमय प्रस्तुति है, बल्कि आस्था, भक्ति और कालजयी आध्यात्मिकता का अनुभव भी है।
















