भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में आपसी सम्मान और एकता की खूबसूरत झलक उस समय देखने को मिली जब दिग्गज अभिनेता और फिल्ममेकर कमल हासन ने अपनी आने वाली फिल्म ठग लाइफ के प्रमोशन के दौरान अली फज़ल का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह दोनों कलाकारों की पहली सार्वजनिक उपस्थिति में से एक थी, जहां कमल हासन की तारीफों ने अली और मौजूद दर्शकों को भावुक कर दिया।

कमल हासन ने ठग लाइफ को-स्टार अली फज़ल का साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री में किया वेलकम ; “अली भारत के लिए बहुत ही अहम अभिनेता हैं”6c09a80e-496c-4d56-bad6-242b5f9ee5d1

कमल हासन ने की अली फज़ल की तारीफ

मंच पर कमल हासन ने अली फज़ल का बेहद सम्मान के साथ परिचय करवाया और बताया कि उन्होंने पहली बार अली को विशाल भारद्वाज की फिल्म खुफिया में देखा था। उन्होंने कहा, “मैंने तुम्हें विशाल की फिल्म (खुफिया) में देखा और तभी सोचा कि मैं तुम्हारे साथ काम करना चाहता हूं। और इस आदमी (मणिरत्नम) ने वो मुमकिन कर दिया। अली भारत के लिए एक बहुत अहम अभिनेता हैं। इसलिए मैं चाहता हूं कि आप सभी उनका चेन्नई और हमारी सिनेमा में स्वागत करें।”

ठग लाइफ में कमल हासन के साथ काम कर रहे अली फज़ल इस पल से बेहद भावुक हो गए। थिएटर से लेकर इंटरनेशनल मंच तक पहुंचने वाले अली के लिए, कमल हासन जैसे आइकॉन से ऐसी सराहना मिलना सिर्फ एक तारीफ नहीं बल्कि एक बड़ी उपलब्धि है।

अली ने कहा, “कमल सर से ऐसी तारीफ मिलना मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा। वह सिर्फ भारतीय सिनेमा के दिग्गज नहीं हैं, बल्कि पूरी दुनिया में कला, कहानी और साहस के प्रतीक हैं। उनके साथ ठग लाइफ में स्क्रीन शेयर करना सम्मान की बात है और उनका ऐसा स्वागत मेरे लिए एक सपना पूरा होने जैसा है।”

ठग लाइफ में अली फज़ल की मौजूदगी एक दिलचस्प सहयोग का संकेत है, जहां दो अलग-अलग सिनेमा पृष्ठभूमियों से आए कलाकार एक साथ एक दमदार कहानी पेश करेंगे। एक तरफ कमल हासन, जिन्होंने हमेशा सिनेमा की सीमाओं को आगे बढ़ाया है, और दूसरी ओर अली, जो अपनी पीढ़ी के सबसे बहुमुखी अभिनेताओं में से एक बन चुके हैं — इन दोनों का साथ आना दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता जगा चुका है।

जैसे-जैसे ठग लाइफ से जुड़ी और जानकारियां सामने आती हैं, यह आपसी सम्मान और प्रेरणा का पल सिनेमा की असली भावना को दर्शाता है — सहयोग, सराहना और एक-दूसरे का सम्मान।